लाइव टीवी

नेशन्स लीगः अब क्रोएशिया ने चैंपियन फ्रांस की उम्मीदों पर पानी फेरा, ड्रॉ पर रोक दिया

Updated Jun 07, 2022 | 10:45 IST

France vs Croatia: फ्रांस और क्रोएशिया के बीच खेले गए नेशन्स लीग के मुकाबले में क्रोएशिया ने डिफेंडिंग चैंपियन फ्रांस को ड्रॉ पर रोकने के साथ उसे खराब प्रदर्शन से उबरने से भी असफल किया।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspAP
क्रोएशिया बनाम फ्रांस
मुख्य बातें
  • नेशन्स फुटबॉल लीग
  • फ्रांस बनाम क्रोएशिया मुकाबला
  • क्रोएशिया ने डिफेंडिंग चैंपियन फ्रांस को ड्रॉ पर रोका

मौजूदा चैंपियन फ्रांस नेशन्स लीग फुटबॉल प्रतियोगिता में अपनी शुरुआती हार से उबरने में नाकाम रहा और उसे दूसरे मैच में क्रोएशिया ने 1-1 से बराबरी पर रोक दिया। मिडफील्डर एड्रियन रैबियोट ने मध्यांतर के बाद फ्रांस को बढ़त दिलाई लेकिन आंद्रे क्रैमारिच ने 83वें मिनट में पेनल्टी को गोल में बदलकर क्रोएशिया को बराबरी दिला दी। यह पिछले 11 वर्षों में पहला मौका है जब क्रोएशिया को फ्रांस से हार का सामना नहीं करना पड़ा।

इस परिणाम से किसी भी टीम को फायदा नहीं मिला। फ्रांस को शुक्रवार को पहले मैच में डेनमार्क ने 2-1 से हराया था जो उसकी 20 मैचों के बाद पहली हार थी जबकि क्रोएशिया ने अपने अभियान की शुरुआत ऑस्ट्रिया से 3-0 से हारकर की थी।

फ्रांस अगले शुक्रवार को ऑस्ट्रिया का जबकि क्रोएशिया डेनमार्क का दौरा करेगा। डेनमार्क ने ग्रुप ए में बढ़त हासिल कर रखी है। उसने वियना में खेले गये मैच में ऑस्ट्रिया को 2-1 से हराया। डेनमार्क छह अंकों के साथ ग्रुप में शीर्ष पर है। उसके बाद ऑस्ट्रिया तीन अंक के साथ दूसरे स्थान पर है। फ्रांस और क्रोएशिया के एक-एक अंक हैं।

लीग ए में चार ग्रुप विजेता अगले साल जून में अंतिम चार के लिए क्वालीफाई करेंगे। लीग बी में आइसलैंड ने अल्बानिया से 1-1 से ड्रा खेला। कजाखस्तान ने लीग सी में स्लोवाकिया को 1-0 से जबकि लीग डी में लाटविया ने लिचेन्टस्टीन को इसी अंतर से हराया।