Bhopal City Bus Service: भोपाल वासियों के लिए काम की खबर, इस रूट पर शुरू की गईं हाईटेक सिटी बसें

Bhopal City Bus Service: भोपाल में रहने वालों के लिए अच्छी खबर है। भौंरी से मंडीदीप के बीच सिटी बसों का संचालन होगा। इसमें स्मार्ट रोड पर भी बसें चलेंगी। सभी बसें डीजल से चलाई जाएंगी। न्यूनतम किराया 7 रुपये निर्धारित है। बसें ट्रैकिंग सिस्टम से लैस होंगी।

 Bhopal City Bus News
भोपाल में भौंरी से मंडीदीप के बीच सिटी बस सेवा शुरू (प्रतीकात्मक तस्वीर)  |  तस्वीर साभार: ANI
मुख्य बातें
  • भौंरी से मंडीदीप से बीच चलेंगी बसें
  • 46 किलोमीटर के सफर में देने होंगे केवल 42 रुपये
  • बसों में लगे होंगे ट्रैकिंग सिस्टम और सीसीटीवी कैमरे

Bhopal City Bus Service: राजधानी भोपाल में भौंरी से मंडीदीप के बीच सिटी बस सेवा शुरू की गई है। इस रूट पर कुल 26 बसें दौड़ेंगी। यात्रियों को कुल 46 किलोमीटर की यात्रा में 42 रुपए चुकाने होंगे। ये बसें स्मार्ट रोड से भी होकर गुजरेंगी। इससे म्यूजियम, रीजनल साइंस सेंटर में आने-जाने में लोगों को काफी राहत मिलेगी। ये बसें ट्रैकिंग सिस्टम और सीसीटीवी कैमरे से लैस होंगी। सुबह साढ़े 6 बजे से बसों का संचालन शुरू होगा।

बता दें कि, सभी बसों में जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम लगा होगा। जो इन बसों को हाईटेक बनाएगा। इसकी मॉनिटरिंग बीसीएलएल (भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड) के कंट्रोल रूम से करने की तैयारी है। नए रूट को मिलाकर अब भोपाल में कुल 18 रूट हो गए हैं। इन रूटों पर 273 बसें दौड़ रही हैं।

ये होगा बसों का किराया

मिली जानकारी के अनुसार, राजधानी भोपाल से 25Km के दायरे में यह पहला रूट है। इसमें दो जिले सीहोर और रायसेन शामिल हो जाएंगे। अभी यात्री प्राइवेट बस या टैक्सी के जरिए ही भौंरी से मंडीदीप के बीच आवागमन करते हैं। ऐसे में उन्हें 80 से 100 रुपए तक किराया चुकाना पड़ता है। अब भौंरी से मंडीदीप का सफर केवल 42 रुपए में ही हो जाएगा। न्यूनतम किराया 7 रुपए निर्धारित किया गया है। सभी मिडी बसें हैं, जिन्हें डीजल से चलाने की तैयारी है।

इन जगहों से गुजरेंगी बसें

जानकारी के लिए बता दें, भौंरी से मंडीदीप का रूट नंबर-204 है। ये बसें भौंरी से खजूरी सड़क, सीहोर नाका, लालघाटी, कलेक्ट्रेट, रॉयल मार्केट, पीर गेट, मोती मस्जिद, कमला पार्क, पॉलिटेक्निक चौराहा, रीजनल साइंस सेंटर, स्मार्ट रोड, डिपो चौराहा, जवाहर चौक, रंगमहल, रोशनपुरा, न्यू मार्केट, जेपी हॉस्पिटल 1250, व्यापमं चौराहा, बोर्ड ऑफिस चौराहा, वीर सावरकर ब्रिज होंशगाबाद रोड, बरकतउल्ला यूनिवर्सिटी, मिसरोद, 11 मिल, इंडस टाउन होते हुए मंडीदीप तक जाएंगी। बता दें कि, स्मार्ट रोड से पहली बार सिटी बसों का संचालन हो रहा है। अब तक यहां से सिटी बसों का संचालन नहीं हो पा रहा था।

Bhopal News in Hindi (भोपाल समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharatपर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) से अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर