Bhopal: शुक्रवार को विदा होंगे प्रथम पूज्य, शहर में 15 स्टॉलों पर जमा होंगी प्रतिमाएं, इस बार नहीं होंगे हादसे

Bhopal Ganesh Chaturthi 2022: शहर में गणपति प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए नगर निगम की ओर से 15 काउंटर बनाए गए हैं। जिनमें सभी श्रद्धालु गणेश प्रतिमाएं जमा करवा सकेंगे। निगम की ओर से सामुहिक विसर्जन किया जाएगा।

Bhopal News
भोपाल में बीएमसी करेगी गणपति की प्रतिमाओं को सामुहिक विसर्जन  |  तस्वीर साभार: Representative Image
मुख्य बातें
  • भोपाल नगर निगम ने बनाएं 15 काउंटर
  • श्रद्धालु गणपति की प्रतिमाएं यहां जमा करवा सकेंगे
  • सभी प्रतिमाओं का सामुहिक विसर्जन होगा

Bhopal: राजधानी भोपाल में करीब 10 दिनों तक घरों में आस्था, समृद्धि व रिद्धि सिद्धि के दाता गजानन की पूजा व अर्चना का दौर शुक्रवार को समाप्त हो जाएगा। अब प्रथम पूज्य विनाय वापस लौटेंगे। शाम को लोग भगवान गणेश की प्रतिमाओं को गाजे - बाजे सहित गणपति बप्पा मोरिया के गगन भेदी उद्घोष के साथ नदी व तालाबों में विसर्जित करेंगे। इस दौरान कोई अनहोनी या हादसा ना हो इसके लिए इस बार भोपाल नगर निगम की ओर से एक खास तैयारी की गई है।

जिसमें श्रद्धालु अपने घरों से लाई गई गणपति की प्रतिमाएं जमा करवा सकेंगे। इसके लिए राजधानी में 15 स्थानों पर काउंटर बनाए गए हैं। इसके बाद निगम की ओर से मूर्तियों का क्रेन की मदद से सामुहिक विसर्जन किया जाएगा। इस दौरान सभी घाटों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पानी में उतरने पर आमजन पर रोक रहेगी। पुलिस प्रशासन की ओर से घाटों पर बैरिकेटिंग लगाई गई है। आपका बता दें कि, इस बार गणेश चतुर्थी महोत्सव के तहत शहर में करीब एक हजार गणेश पूजा के पंडाल सजाए गए थे। इसके अलावा घरों की अगर बात करें तो इनकी संख्या कई हजार है। 

यहां करवा सकेंगे प्रतिमाएं जमा

शहर में गणपति प्रतिमाओं को विसर्जित करने के लिए बीएमसी की ओर से गांधी नगर, करोंद चौराहा, लालघाटी चौराहा, भवानी चौक, शाहपुरा चौराहा झील, नादरा बस स्टैंड, आशिमा मॉल, 5 नंबर स्टॉप, सर्व-धर्म चौराहा, आनंद नगर चौराहा, अवधपुरी चौराहा, मिनाल चौराहा, प्रभात चौराहा, पुलिस कंट्रोल रूम यातायात पार्क के सामने व बावड़िया कलां जोन क्रमांक-13 आदि स्थानों पर कांउटर लगाए गए हैं। हालांकि जिला प्रशासन की ओर से 6 सितंबर से ही घाटों की सुरक्षा की तैयारी शुरू कर दी गई थीं। बड़ी संख्या में घाटों पर पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं। वहीं पुलिस कंट्रोल रूम से हर घाट पर तीसरी आंख की नजर रहेगी। इसके अलावा बीएमसी की ओर से श्रद्धालुओं के लिए एक एडवाइजरी भी जारी की गई है। जिसमें बिना सुरक्षा के इंतजामों वाले स्थानों पर प्रतिमाएं विसर्जित करने की मनाही की गई है। इसके अलावा बताया गया है कि, निगम के निर्धारित स्थान पर ही प्रतिमाएं जमा करवाने की अपील की गई है। आपको बता दें कि, शहर में प्रेमपुरा, हथाईखेड़ा डैम, खटलापुरा, संत हिरदाराम नगर बैरागढ़, शाहपुरा व आर्च ब्रिज के घाट पर कड़ी सुरक्षा रहेगी। इधर, गणपति प्रतिमा विसर्जन के चलते शहर की सड़कों पर यातायात दबाव बढ़ने की आशंका को लेकर पुलिस की ओर से सिटी बसों के संचालन को बंद किया गया है। वहीं कई इलाकों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है। 


 

Bhopal News in Hindi (भोपाल समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharatपर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) से अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर