Bhopal Ecological Park: भोपाल के इकोलॉजिकल पार्क को बनाया जाएगा फूलदार पौधों वाला जंगल, होगी हरियाली

Bhopal Ecological Park: भोपाल के इकोलॉजिकल पार्क में अब फूलदार पौधे लगाए जाएंगे। इस पार्क को फूलदार पौधों का वन क्षेत्र बनाया जाएगा। सामान्य वन मंडल ने इसकी पूरी योजना तैयार कर ली है।

Bhopal's ecological park will become a forest of flowering plants
भोपाल का इकोलॉजिकल पार्क बनेगा फूलदार पौधों का जंगल  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • टेकोमा, टीबूबिया, गुलमोहर, अमलतास आदि प्रजाति के पौधे लगाए जाएंगे
  • इसी मानसून में इन पौधों का किया जाएगा रोपण
  • इकोलॉजिकल पार्क 1750 हेक्टेयर में है फैला

Bhopal Ecological Park: भोपाल के मशहूर इकोलॉजिकल पार्क को फूलदार पौधों वाला वन क्षेत्र बनाया जाएगा। यहां सभी प्रजाति के फूलदार पौधे लगाए जाएंगे। पौधे पार्क के पश्चिम भाग में लगाए जाने हैं। यह बरखेड़ा पठानी की ओर से प्रवेश करने पर दिखेगा। दरअसल, यह इलाका पत्थरीला है। इसमें पेड़ों का घनत्व अपेक्षाकृत अन्य इलाकों की तुलना में कम है। 

इस क्षेत्र में भोपाल सामान्य वन मंडल ने फूलदार पौधे लगाने की योजना बनाई है। फूलदार पौधों में टेकोमा, टीबूबिया, गुलमोहर, अमलतास आदि शामिल हैं। इस मानसून में इन प्रजाति के पौधे लगाए जाएंगे। 

पार्क को तीन अलग-अलग चरणों में किया जाएगा विकसित

इस बारे में भोपाल सामान्य वन मंडल के डीएफओ आलोक पाठक ने बताया कि यह पार्क 1750 हेक्टेयर में फैला है। इस पार्क को तीन अलग-अलग चरणों में विकसित करना है। पहले चरण में लहारपुर से जुड़े इलाके में 100 एकड़ वन क्षेत्र को नगर वन के रूप में विकसित किया जा रहा है। पार्क भोपाल से रायसेन जिले की सीमा तक फैला है। इस पार्क को विकसित करने के लिए भोपाल सामान्य वन मंडल द्वारा 7 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। 

पार्क में लगे हैं यह पौधे 

इस पार्क में हर्रा, बेहड़ा, आंवला, बरगद, तेंदू, गुलमोहर, बांस, नीम, इमली, खमेर, महुआ, शीशम, काला शीशम, लेंडिया, कारई प्रजाति के पौधे लगे हैं। ज्यादातर पौधे पेड़ का रूप भी ले चुके हैं। पार्क में हर सुबह 800 से 1200 लोग टहलने आते हैं। यहां लोग दिन में प्राकृतिक क्षेत्रों का भ्रमण करने आते हैं। पहले की अपेक्षा यहां आने वाले लोगों की संख्या में इजाफा हुआ है। ऐसे में लोगों के लिए खुशबूदार वन क्षेत्र बनाने की भी योजना है। 

जहां फूलदार पौधे लगेंगे, वहां से गुजरती है पक्की सड़क

वन अधिकारियों के मुताबिक पार्क के जिस भाग में फूलदार पौधे लगाए जाने हैं, वह शहर की तरफ का भाग है। इसके पास से ही पक्की सड़क गुजरती है। यह बरखेड़ा पठानी को लहारपुर एवं कटारा हिल्स से जोड़ता है। इस रूट पर लोगों के आवागमन का अच्छा दबाव है। अधिकारियों ने बताया कि पार्क के इस हिस्से में फूलदार पौधे लगाए जाने से पार्क का हिस्सा दूर से और आकर्षक दिखेगा। 

Bhopal News in Hindi (भोपाल समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharatपर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) से अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर