Bhopal Crime News: भोपाल के गांधीनगर में महिला का शव मिलने से सनसनी, घर से केवल 100 मीटर की दूरी पर मिला शव

Bhopal Crime News: भोपाल के गांधीनगर इलाके में एक महिला की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। मृतक महिला की पहचान होने के बाद उसके पति के तलाश चल रही है।

bhopal crime news
भोपाल में महिला का मिला शव, हत्या की आशंका (प्रतीकात्मक)  |  तस्वीर साभार: ANI
मुख्य बातें
  • महिला के गले पर फांसी के हैं निशान
  • नाले में झाड़ियों के पास पड़ा हुआ था शव
  • महिला का देवर फरार, पति की पुलिस कर रही तलाश

Bhopal Crime News: राजधानी भोपाल के गांधी नगर इलाके में नाले में एक महिला का शव बरामद किया गया है। पुलिस को महिला के गले पर फांसी का निशान मिला है। बता दें कि महिला की शिनाख्त होने के बाद अब पुलिस महिला के पति की तलाश कर रही है। महिला का शव उसके घर से मात्र सौ मीटर की दूरी पर मिला है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतका की शिनाख्त शबाना पत्नी आसिफ के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद ही पता चल सकेगा कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का। मृतका के शव को नाले में झाड़ियों के पास छुपाया गया था।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक पुलिस को गोल्डन लेक होटल के पीछे नाले में अज्ञात शव होने की सूचना प्राप्त हुई थी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। नाले के आसपास झाड़ियां हैं, पुलिस ने शव को नाले से किसी तरह बाहर निकाला। पुलिस की आस पड़ोस में पूछताछ के बाद उसकी पहचान प्रताप वार्ड में रहने वाली 25 वर्षीय शबाना के रूप में हुई है।

महिला का ससुराल वालों से था विवाद

पता चला है कि शबाना अपने पति, देवर और सास-ससुर के साथ यहां रहती थी। शव को पुलिस ने हमीदिया अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। डॉक्टरों का कहना है कि मृतका के गले पर फांसी का निशान है। पुलिस अब मामले की गहनता से जांच में जुट गई है। आसपड़ोस के लोगों से बातचीत करने पर पता चला कि महिला का उसके ससुराल वालों से हमेशा विवाद होता रहता था।

पुलिस कर रही सभी एंगल से जांच

जानकारी के लिए बता दें कि पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार महिला ने विवाद के बाद घर में फांसी लगाई। जिसे देखकर उसके ससुराल वाले डर गए और उन्होंने शव पीछे नाले में फेंक दिया। इस मामले में देवर तो फरार है साथ ही उसके पति का पता लगाया जा रहा है। जानकारी मिली है कि महिला के सास ससुर बीमार हैं। पुलिस इस मामले में सभी एंगलों पर जांच कर रही है। पुलिस का कहना है जल्द मामला स्पष्ट रूप से सामने आ जाएगा।

Bhopal News in Hindi (भोपाल समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharatपर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) से अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर