बजट में कई सामानों पर सीमा शुल्क बढ़ाए और कम किए गए, डिटेल में जानिए आप पर कितना पड़ेगा असर

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट पेश किया कई चीजों पर सीमा शुल्क बढ़ाए और कई कम किए जिससे आम आदमी पर काफी असर पड़ेगा। यहां जानिए विस्तार से।

In budget 2021, customs duties on many goods were increased and reduced, know in detail how you will be affected
बजट का आम आदमी पर असर  |  तस्वीर साभार: PTI

नई दिल्ली : वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोमवार (1 फरवरी) को बजट 2021-22 संसद में पेश किया। उन्होंने पेश बजट में आयात किए जाने वाले कल-पुर्जों पर सीमा शुल्क बढ़ाए जाने का प्रस्ताव किया। इन प्रस्तावों से घरों में उपयोग होने वाले रेफ्रिजरेटर, एलईडी लाइट और मोबाइल फोन जैसे कई सामान महंगे हो जाएंगे। हालांकि कुछ आयात होने वाल सामानों पर सीमा शुल्क कम भी किए गए। जिससे वे सस्ते हो जाएंगे। सोने और चांदी जैसे कीमती धातुएं सस्ती होंगी। नीचे विस्तार से आप जान सकते हैं।

महंगे होने वाले सामान और कितना बढ़ाया गया शुल्क

  1. रेफ्रिजरेटर और एसी के लिये कॉम्प्रेसर पर सीमा शुल्क 12.5% से बढ़ाकर 15% किया गया, 
  2. एलईडी लैंप, कल-पुर्जों पर 5% से बढ़ाकर 10% किया गया है।
  3. सौर इनवर्टर पर सीमा शुल्क 5% से बढ़ाकर 20% और सौर लैंप पर शुल्क बढ़ाकर 15% किया गया है।
  4. कच्चा रेशम पर सीमा शुल्क 10% से बढ़ाकर 15% किया तथा कपास पर 5% किया गया, जो पहले शून्य था।
  5. सेफ्टी ग्लास, विंडस्क्रीन वाइपर समेत आयातित वाहनों के कल पुर्जों पर सीमा शुल्क 10% से बढ़ाकर 15% किया गया है।
  6. पीसीबीए, कैमरा माड्यूल, कनेक्टर जैसे मोबाइल फोन और मोबाल फोन चार्जर पुर्जे पर सीमा शुल्क 2.5% किया, जो पहले शून्य था।
  7. लिथियम आयन बैटरी के कच्चे माल पर सीमा शुल्क अब 2.5% लगेगा, जो अबतक शून्य था। 
  8. इंक काट्रिज और इंक स्प्रे नोजल पर 2.5% सीमा शुल्क लगेगा। अभी इन पर शून्य शुल्क लगता था।
  9. तैयार चमड़ा उत्पादों पर पर अब 10% सीमा शुल्क लगेगा, जो अबतक शून्य था।
  10. प्लास्टिक बिल्डर वेयर पर मूल सीमा शुल्क 10% से बढ़ाकर 15% किया गया है। 
  11. तराशे गए सिंथेटिक पत्थर पर सीमा शुल्क 7.5% से बढ़ाकर 15% किया गया है।
  12. वित्त मंत्री ने 2.5% कृषि बुनियादी ढांचा और विकास उपकर लगाने की घोषणा की।

सस्ते होने वाले सामान और कितना कम किया गया शुल्क

  1. नाइलान फाइबर और धागे पर सीमा शुल्क 7.5% से कम कर 5% कर दिया गया।
  2. सोना आर चांदी पर आयात शुल्क 12.5% से कम कर 7.5% किया गया। 
  3. गोल्ड डोर बार पर सीमा शुल्क 11.85% से कम कर 6.9% किया गया।
  4. चांदी डोर बार पर इसे 11% से कम कर 6.1% किया गया।
  5. प्लैटिनम और प्लैडियम जैसी मूल्यवान धातुओं पर सीमा शुल्क 12.5% से घटाकर 10% किया गया है।

बजट प्रस्ताव के कारण महंगी होने वाली आयातित वस्तुओं की लिस्ट

रेफ्रिजरेटर और एयर कंडीशनर के लिये कॉम्प्रेशर और प्रिंटेड सर्किट बोर्ड जैसे हिस्से-पुर्जे, कच्ची रेशम और कपास, सौर इनवर्टर और लालटेन, वाहनों के विंडस्क्रीन, वाइपर, सिग्नल के उपकरण , पीसीबीए, कैमरा, मोड्यूल, कनेक्टर, बैक कवर , मोबाइल फोन के उपकरण, मोबाइल फोन चार्जर के कल-पुर्जे, लिथियम ऑयन बैटरी में उपयोग कच्चे उत्पाद, प्रिंटर के इकं-काट्रिज और इंक स्प्रे नोजल, चमड़े के तैयार उत्पाद, नाइलोन फाइबर और धागा, प्लास्टिक बिल्डर वेयर, तराशे गये सिंथेटिक पत्थर।

सस्ते हुए इमपोर्टेड सामान

सोना और सोने के बने अलौह धातु (गोल्ड डोर), चांदी और चांदी के बने अलौह धातु (सिल्वर डोर), प्लैटनिम, और पैलेडियम, अंतरराष्ट्रीय संगठनों और राजनयिक मिशन द्वारा आयातित चिकित्सा उपकरण।

Times Now Navbharat पर पढ़ें Business News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर