LPG cylinder prices: लॉकडाउन के बीच सस्ता हुआ रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर 

LPG cylinder prices: कोरोन वायरस के चलते लॉकडाउन के बीच रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में कटौती की गई है।

LPG cylinder becomes cheaper between lockdowns due to coronavirus 
एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में गिरावट  |  तस्वीर साभार: BCCL
मुख्य बातें
  • एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 65 रुपए प्रति सिलेंडर की कटौती की गई है
  • दो महीनों में दूसरी बार दाम घटाए गए हैं
  • कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट की वजह से यह कटौती की गई है

नई दिल्ली : राष्ट्रव्यापी कोरोन वायरस लॉकडाउन के बीच रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर की कीमतों में आज 65 रुपए प्रति सिलेंडर की कटौती की गई। दो महीनों में दूसरी बार दाम घटाए गए हैं। पिछले कुछ हफ्तों में वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट की वजह से यह कटौती की गई है। इंडियन ऑयल कंपनी (आईओसी) की संशोधित दरों के मुताबकि जो आज सार्वजनिक की गई। दिल्ली में 14.2 किलो गैस वाला रसोई गैस सिलेंडर आज (1 अप्रैल, 2020) 744 रुपए में मिलेगा। यह पहले 805.5 रुपए प्रति सिलेंडर मिलता था। जिसमें 61.5 रुपए की कटौती हुई है।

कोलकाता के लिए नई दर के अनुसार प्रति सिलेंडर की कीमत 774.5 रुपए हो गई है जबकि पहले इसकी कीमत 839.5 थी। मुंबई में 714.5 रुपए कीमत हो गई है पहले की कीमत 776.5 रुपए थी और चेन्नई में 761.5 रुपए हो गई है। पहले की कीमत 826 रुपए थी।

पेट्रोल और डीजल के दाम में बदलाव नहीं
यह ध्यान देने योग्य है कि आज (1 अप्रैल) लगातार 16वें दिन देश भर में पेट्रोल और डीजल की लोकल कीमतों मे कोई बदलाव नहीं हुए। 11 जनवरी के बाद से, दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 6.42 रुपए प्रति लीटर और डीजल की कीमत 6.88 रुपए प्रति लीटर कम हुई।

प्राकृतिक गैस के दाम में भारी कटौती
उधर सरकार ने देश में उत्पादित प्राकृतिक गैस के बिक्री मूल्य में मंगलवार को 26% की बड़ी कटौती की और इस तरह 2014 में घरेलू गैस का मूल्य निर्धारण फॉर्मूला आधारित बनाए जाने के बाद दाम सबसे निचले स्तर पर आ गए हैं। प्राकृतिक गैस के दाम घटने से सीएनजी, पाइप के जरिए घरों तक पहुंचाई जाने वाली गैस के दाम भी कम होंगे लेकिन इससे ओएनजीसी जैसी गैस उत्पादक कंपनियों के राजस्व में भारी कमी आने की आशंका है।

वर्ष 2014 के बाद से यह 6 माह में यह दूसरी बड़ी गिरावट
भारत में पैदा होने वाले मौजूदा गैस उत्पादन के बड़े हिस्से का दाम एक अप्रैल से अगले छह माह के लिए अब 2.39 डॉलर प्रति 10 लाख ब्रिटिश थर्मल यूनिट (एमएमबीटीयू) होगा। इससे पहले यह दाम 3.23 डॉलर प्रति 10 लाख ब्रिटिश थर्मल यूनिट पर था। वर्ष 2014 के बाद से यह छह माह में यह दूसरी बड़ी गिरावट आई है। वर्ष 2014 में मोदी सरकार ने प्राकृतिक गैस के दाम तय करने के लिए एक नया फार्मूले को मंजूरी दी थी। इसके साथ ही गहरे समूद्री क्षेत्रों से निकलने वाली गैस का दाम भी 8.43 एमबीटीयू से घटकर 5.61 डॉलर पर आ गया है।

एक अप्रैल और एक अक्टूबर तय होते हैं दाम
प्राकृतिक गैस के दाम हर साल एक अप्रैल और एक अक्टूबर को तय किए जाते हैं। प्राकृतिक गैस का इस्तेमाल उर्वरक और बिजली उत्पादन में किया जाता है। इसका सीएनजी बनाने में भी इस्तेमाल होता है जिसे वाहन ईंधन के तौर पर इस्तेमाल किया जाता है। घरों में खाना पकाने के लिए भी पाइप के जरिए सीएनजी पहुंचाई जाती है।

Times Now Navbharat पर पढ़ें Business News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर