'मिशन अन्न सेवा' है सबसे बड़ा कॉरपोरेट मुफ्त भोजन कार्यक्रम: नीता अंबानी

बिजनेस
भाषा
Updated Apr 20, 2020 | 13:28 IST

रिलायंस फाउंडेशन की अध्यक्ष नीता अंबानी ने कहा है कि फाउंडेशन का 'मिशन अन्न सेवा' दुनिया में किसी भी कॉरपोरेट द्वारा संचालित सबसे बड़ा मुफ्त भोजन कार्यक्रम है।

 Reliance Foundation's 'Mission Anna Seva
रिलायंस फाउंडेशन की अध्यक्ष नीता अंबानी   |  तस्वीर साभार: BCCL

नई दिल्ली:  रिलायंस फाउंडेशन की अध्यक्ष नीता अंबानी ने कहा है कि फाउंडेशन का 'मिशन अन्न सेवा' दुनिया में किसी भी कॉरपोरेट द्वारा संचालित सबसे बड़ा मुफ्त भोजन कार्यक्रम है।इस कार्यक्रम का मकसद लॉकडाउन के दौरान कठिनाइयों का सामना कर रहे वंचित समुदाय के लोगों और कोरोना वायरस महामारी की रोकथाम में लगे कर्मचारी को तीन करोड़ से अधिक वक्त का खाना मुहैया करना है।

रिलायंस फाउंडेशन देश की सबसे बड़ी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज की परोपकारी शाखा है, और उसने जरूरतमंद लोगों को मुफ्त भोजन देने, देश के पहले कोविड-19 अस्पताल का निर्माण करने और पीपीई तथा मास्क की आपूर्ति करने का जिम्मा उठाया है। अंबानी ने कर्मचारियों के भेजे एक संदेश में कहा कि कोविड-19 दुनिया के लिए, भारत के लिए और मानवता के लिए एक अभूतपूर्व महामारी है। यह एक मुश्किल समय है।

नीता अंबानी, जो रिलायंस इंडस्ट्रीज के बोर्ड में निदेशक हैं, ने कहा कि कंपनी के कर्मचारियों और उनके परिवारों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।उन्होंने कहा कि मिशन अन्न सेवा के माध्यम से हम पूरे देश में वंचित समुदायों और अग्रणी कार्यकर्ताओं को तीन करोड़ से अधिक वक्त का भोजन प्रदान करेंगे।
उन्होंने कहा कि मिशन अन्न सेवा दुनिया में कहीं भी किसी कॉरपोरेट द्वारा संचालित सबसे बड़ा भोजन वितरण कार्यक्रम है।उन्होंने कहा कि रिलायंस ने मंबई में बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) के साथ साझेदारी करके भारत का पहला कोविड-19 अस्पताल केवल दो सप्ताह में बनाया।
 

Times Now Navbharat पर पढ़ें Business News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर