रेप में विफल रहा तो 14 साल के लड़के ने ली मासूम की जान, पत्‍थर से कुचल दिया सिर

Crime news: कोरोना के गहराते संकट के बीच एक मासूम के साथ रेप की कोशिश और इसमें विफल रहने के बाद उसकी हत्‍या की जघन्‍य वारदात सामने आई है।

रेप में विफल रहा तो 14 साल के लड़के ने ली मासूम की जान, पत्‍थर से कुचल दिया सिर
रेप में विफल रहा तो 14 साल के लड़के ने ली मासूम की जान, पत्‍थर से कुचल दिया सिर (प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर)  |  तस्वीर साभार: BCCL
मुख्य बातें
  • 14 साल के लड़के ने 9 साल की एक बच्‍ची की हत्‍या कर दी
  • रेप की कोशिश में विफल रहने पर उसने बच्‍ची के सिर पर पत्‍थर दे मारा
  • उसने पड़ोसियों को खुद की लड़की के अचेत होने के बारे में जानकारी दी

त्रिची : देश के विभिन्‍न हिस्‍सों में कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच क्राइम की खौफनाक वारदात सामने आई है। 14 साल के एक किशोर ने पहले तो 9 साल की बच्‍ची के साथ रेप की कोशिश की और जब इसमें विफल रहा तो उसने पत्‍थर से उसका सिर कुचलकर उसकी हत्‍या कर दी। बाद में खुद ही आसपास के लोगों को लड़की के अचेत अवस्‍था में पड़े होने की जानकारी दी और ऐसे जताया जैसे इसमें उसकी कोई संलिप्‍तता ही नहीं हो। पर पुलिस की नजर से वह बच नहीं सका।

तीसरी में पढ़ती थी पीड़ि‍ता  

वारदात तमिलनाडु में त्रिची की है, जहां 9 साल की मासूम रविवार दोपहर जैस्‍मीन के खेत में जख्‍मी हालत में मिली थी। उसके सिर पर पीछे जख्‍म के गहरे निशान थे। बाद में उसे महात्‍मा गांधी मेमोरियल सरकारी अस्‍पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। 'टाइम्‍स ऑफ इंडिया' की रिपोर्ट के मुताबिक, 9 साल की मासूम उसी इलाके में एक सरकारी स्‍कूल में तीसरी कक्षा में पढ़ती थी, जबकि आरोपी शख्‍स उसी स्‍कूल में नौवीं का छात्र था। वह उसका पड़ोसी भी था।

घटना के दिन उसने लड़की को अपने साथ जैस्मीन के खेत में चलने के लिए कहा, जब वह उसके साथ वहां गई तो लड़के ने उसके साथ यौन संबंध बनाने की कोशिश की, जिसका उसने पुरजोर विरोध किया और उसे मारा भी। इससे बौखलाकर आरोपी ने पत्‍थर उठाकर उसके सिर पर पीछे से दे मारा,जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद उसने कई बार उसके सिर पर वार किया। इतना ही नहीं, बाद में वह खुद ही उस इलाके में पहुंचा, जहां उसका व पीड़‍िता का घर था।

पुलिस को ऐसे हुआ शक

उसने लोगों को लड़की के अचेत अवस्‍था में जैस्मीन के खेत में पड़े होने की बात बताई, जिसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचित किया। इस बीच वह ऐसा व्‍यवहार करता रहा, जैसे घटना के बारे में उसे कोई जानकारी नहीं है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू की तो शक की सूई उस लड़के की तरफ गई। पुलिस ने पूछताछ की तो उसने कई विरोधाभारी बयान दिए। बाद में पुलिस जांच में घटना के पीछे 14 साल के उसी किशोर की भूमिका सामने आई।

आरोपी शख्‍स के खिलाफ पॉक्‍सो एक्‍ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर सुधारगृह भेजा गया है। पुलिस ने खून के दाग वाले उसके कपड़े भी बरामद कर लिए हैं। वह अपने कपड़े उसी जगह छोड़कर भाग खड़ा हुआ था, जहां उसने मासूम के साथ दुराचार की कोशिश की थी।

अगली खबर