सोनू सूद की प्रवासियों के लिए नई पहल, अब जरूरतमंद लोगों को दिलाएंगे रोजगार!

एक्टर सोनू सूद प्रवासी मजदूरों को घर पहुंचाने के बाद अब उनको रोजगार दिलाने में मदद करेंगे। सोनू ने इसके लिए एक नई पहल की है।

Sonu Sood
सोनू सूद 
मुख्य बातें
  • बॉलीवुड एक्‍टर सोनू सूद इन द‍िनों काफी चर्चा में हैं
  • सोनू सूद प्रवासी मजदूरों के मसीहा बनकर उभरे हैं
  • प्रवासियों के लिए अब सोनू ने एक ऐप शरू किया है

बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद कोरोना संकट के दौर में प्रवासी मजदूरों के लिए मसीहा बनकर उभरे हैं। उन्होंने पिछले कुछ अरसे में प्रवासियों को उनके घर तक पहुंचाने में जीतोड़ मेहनत की है। वह अब तक हजारों लोगों को उनके घरों तक पहुंचा चुके हैं। उन्होंने मजदूरों के लिए बसों से लेकर खाने-पीने तक की चीजों तक का इंतजाम किया। उनके इस नेक काम की जमकर तारीफ हो रही है। लोगों को घर पहुंचाने के बाद सोनू ने नई पहल शुरू की है। वह अब जरूरतमंद लोगों को काम दिलाएंगे। उन्होंने रोजगार ढूंढ रहे प्रवासियों के लिए एक ऐप शरू किया है। 

Sonu Sood

47 वर्षीय सोनू सूद ने एक मुफ्त ऑनलाइन ऐप की शुरुआत की है, जिससे मजदूरों की मदद की जा सकेगी। इस ऐप का नाम 'प्रवासी रोजगार' है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सोनू ने कहा, 'पिछले कुछ महीनों से हम इसके बारे में योजनाएं बना रहे थे ताकि हम यह सुनिश्चित कर पाएं कि इसमें वही रोजगार जुड़े जो काम हमारे देश में फिलहाल चल रहा है।' उन्होंने कहा, 'गांव लौटने के बाद श्रमिकों ने रोजगार की तलाश शुरू कर दी है, लेकिन मौजूदा माहौल में यह काफी मुश्किल है।'


सोनू ने अपनी नई पहल की जानकारी सोशल मीडिया पर भी दी। उन्होंने बुधवार रात अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर लिखा, 'अब है रोजगार की बारी।' सोनू के पोस्ट शेयर करने के बाद यूजर्स उनकी पहल का तारीफ कर रहे हैं। एक यूजर ने कमेंट किया, 'एक ही तो दिल है कितनी बार जीतोगा आप।' दूसरे यूजर ने लिखा, 'माता पिता के आशीर्वाद, संस्कार और अपनी नियत, सोच और अच्छे काम से बनते है रियल सुपरहीरो।'

तीसरे यूजर ने कहा, 'आप एक बड़े हृदय वाले इंसान हैं। आपका हृदय प्रेम और औरों के प्रति अपनेपन से भरा हुवा है।' चौथे यूजर ने लिखा, 'महान कार्य। इंसानियत अभी भी बाकी है, उसकी आप बेहतरीन मिसाल हैं। सच मायने में आप आज के महान हीरो हैं।' अन्य यूजर ने कमेंट किया, 'कोराना की लड़ाई में लोगों को उनके गंतव्य स्थान तक पहुंचाया और अब रोजगार देकर आप गरीबों की मदद कर रहे हैं। बहुत अच्छी बात है। आप अपने कार्य में हमेशा आगे बढ़े हम भगवान से यही प्रार्थना करते हैं।'

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर