Red Ginger: आम अदरक से कहीं ज्‍यादा गुणकारी होती है ये लाल अदरक, इन बीमारियों में देती है आराम  

हेल्थ
Updated Oct 03, 2019 | 15:16 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

अदरक (Ginger) वाली चाय या सब्जी में अदरक का स्वाद तो आप रोज ही लेते होंगे, लेकिन आपने लाल अदरक (Red Ginger) के आषधीय गुणों (Medicinal properties) को कभी आजमाया है?

Red Ginger
Red Ginger  |  तस्वीर साभार: Instagram
मुख्य बातें
  • लाल अदरक, सिर दर्द को ठीक करने वाला होता है
  • पेट की सारी समस्याओं का निदान इसमें छुपा है
  • लाल अदरक का पाउडर दूध या चाय में डाल कर पीएं

अदरक स्वास्थ्यप्रद और सबसे फायदेमंद जड़ी बूटियों में से एक माना गया है। वैसे तो आम तौर पर अदरक का एक ही प्रकार घरों में चाय या सब्जी के रूप में प्रयोग किया जाता है, लेकिन अदरक कई तरह का होता है। लाल अदरक भूरे या मटमैलें रंग के अदरक से ज्यादा औषधिय गुणों से भरा होता है। हालांकि लाल रंग का अदरक का प्रयोग चाय या सब्जी में प्रयोग नहीं होता, इसका प्रयोग दवाओं और घरेलू उपचार में ज्यादा होता है। ये सामान्य अदरक की तुलना में ज्यादा स्पाइसी होता है।

लाल अदरक में शोगोल, जिंजरोल और जिंजरोन जैसे कई उपयोगी यौगिक होते हैं, जो कई तरह की बीमारियों के इलाज के लिए जरूरी होते है। आइए जानें कि लाल अदरक का प्रयोग आपके सेहत के लिए कैसे फायदेमंद हो सकता है।

लाल अदरक के औषधिय गुणों में छुपा है कई रोगों का इलाज

1. शरीर को गर्म रखता है
लाल अदरक का सेवन करने से शरीर में गर्मी बनी रहती है। अक्टूबर से मौसम में बदलाव शुरू हो जाता है। सुबह-शाम शरीर को गर्म बनाए रखने के लिए लाल अदरक का सेवन शरीर का तापमान बराबर बनाए रखता है। इसे आप चाहे तों मसाले के रूप में यूज करें या चाय में।

2. सिरदर्द को दूर करने की क्षमता
कम्फेन, मसालेदार स्वाद और गर्म प्रकृति सिर दर्द को ठीक करने वाली होती है। आप चाहे तो चाय या दूध में उबाल कर इसे पीएं। ये पेनकिलर की तरह काम करता है।

3. आंत की सूजन कम करता है
लाल अदरक में जिंजरॉन होता है और ये आंतों की सूजन को दूर करने के साथ बार-बार होने वाली मोशन को भी कंट्रोल करता है।

4. शरीर की प्रतिरक्षा को मजबूत करता है
लाल अदरक का अर्क शरीर में हानिकारक जीवाणुओं के प्रवेश को रोकता है । यदि हानिकारक जीवणु शरीर में हो तो उन्हें खत्म करने की शक्ति होती है इसमें। ये इम्युन सिस्टम को मजबूत कर रोगों से बचाता है।

5. खांसी का इलाज
लाल अदरक में मौजूद एसेंशियल ऑयल छोटे और बड़े सबके लिए अच्छे होते हैं। ये खांसी को दूर करने वाले होते हैं। आप चाहे तो लाल अदरक का पाउडर, शहद में मिलाकर चाटें। इससे खांसी और कफ दोनों दूर होगा।

6. मिचली को रोक कर भूख बढ़ाता है
लाल अदरक के सेवन से पेट कि गैस को काम किया जा सकता है। इनता ही नहीं ये प्रेग्नेंसी या कीमोथैरेपी के बाद आने वाली मिचली को भी खत्म करता है। भूख को बढ़ाने और जायका बनाने वाला होता है।

7. वजन कम करना
अगर आप वेट कम करना चाहते हैं तो आप इसकी गोलियां बना कर रख लें। इस गोलियों केा खाने से आपका पेट लंबे समय तक भरा महसूस कराता है और पाचन बेहतर कतरा है। ये कैलोरी जलाने में भी उपयोगी है।

8. दिल को स्वस्थ रखता है
लाल अदरक का नियमित सेवन कोलेस्ट्रॉल और ट्राइग्लिसराइड के स्तर को कम करने में बहुत कारगर है। इससे दिल की बीमारियां अपने आप दूर रहती हैं।

लाल अदरक के इतने सारे गुण को जानने के बाद आप भी इसका प्रयोग शुरू कर दें। रोजाना पांच ग्राम इसका सेवन करना काफी होगा।

डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता।


 

अगली खबर