आपको समय से पहले बूढ़ा बना रही हैं खाने की ये चीजें, एहतियात बरतना बेहद जरूरी

अगर डाइट में थोड़ा बदलाव किया जाए तो काफी हद तक समय से पहले बूढ़ा दिखने पर काबू पाया जा सकता है। आइए जानते हैं किन चीजों की एहतियात बरतना बेहद जरूरी है।

representative image
सांकेतिक फोटो (तस्वीर साभार- unsplash) 

पहली नजर में आपको लग सकता है कि खाद्य पदार्थ नुकसानदेह नहीं होते हैं और कुछ भी खाने से सेहत पर असर नहीं होगा। हालांकि, ऐसा है नहीं। आपको जानकर हैरानी होगी कि कई खाद्य पदार्थ शरीर पर धीरे-धीरे काफी नकारात्मक प्रभाव डालते हैं। चीनी, शराब, एनर्जी ड्रिंक्स, बेकरी प्रोडक्ट्स यहां तक कि कैफीन भी हमारे शरीर के प्रोटीन को नष्ट कर देता है और हमें डिहाइड्रेट कर देता है। इन सब चीजों से सबसे ज्यादा नुकसान हमारी त्वचा को पहुंचता है, जिससे आप समय से पहले ही बूढ़े दिखने लगते हैं। हम आपको उन पदार्थों के बारे में बताएंगे जो, समय से पहले बुढ़ा बना रहे हैं।

सफेद ब्रेड

क्या आप रोज सुबह नाश्ते में ब्रेड-बटर खाते हैं? अगर हां, तो यह आपके लिए बेहद नुकसानदायक है क्योंकि सफेद ब्रेड आपकी सेहत के लिए हानिकारक होता है और यह आपकी उम्र को बहुत तेजी से बढ़ाता है। कुछ ग्लाइसेमिक इंडेक्स वाले खाद्य पदार्थ जैसे सफेद ब्रेड शरीर में सूजन पैदा कर सकते हैं जो सीधे-सीधे आपके उम्र बढ़ने की प्रक्रिया से जुड़ा होता है। आप सुबह के नाश्ते में सफेद ब्रेड की जगह स्प्राउट खा सकते हैं।

चीनी

चीनी को हमारे कई स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के लिए जिम्मेदार माना जाता है। ज्यादा चीनी खाना आपको मोटापे की ओर ले जा सकता है। जब आप अधिक मात्रा में मीठे का सेवन शुरू कर देते हैं तो शरीर में ग्लाइसेशन नामक एक प्रक्रिया शुरू हो जाती है, जो आपकी त्वचा के कोलेजन को नुकसान पहुंचाती है और झुर्रियों को डिवेलप करने में मदद करती है। अपने दैनिक जीवन में चीनी की जगह शहद, गुण या फलों का उपयोग करें। अगर कुछ मीठा खाने की इच्छा हो तो उसकी जगह डार्क चॉकलेट खाना बेहतर माना जाता है।

ज्यादा नमक वाले खाद्य पदार्थ

पिज्जा, चीज, चिप्स, फ्रेंच फ्राइज जैसे जंक फूड में नमक की मात्रा यानी सोडियम अधिक होता है। इनका सेवन करने पर आपका पेट फुला हुआ महसूस कर सकता है। ज्यादा सोडियम वाले पदार्थों को खाने से आपके शरीर की कोशिकाएं सिकुड़ने लगती हैं और वह डिहाइड्रेशन का शिकार हो सकती हैं।

कैफीन

इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि आप कैफीन को कितना प्यार करते हैं। सच तो यह है कि आपके शरीर पर इसका दीर्घकालिक प्रभाव बहुत अधिक पड़ता है। रोज कैफीन का सेवन करना आपको बेहद बीमार कर सकता है। कैफीन एक ऐसा पदार्थ है जो उम्र बढ़ाने की प्रक्रिया को तेज करता है। जब आप ज्यादा कैफीन वाली चीजों का सेवन करते हैं तब नींद की समस्या भी हो सकती है। जैसा कि आपको पता है अगर नींद पूरी नहीं हुई तो यह उम्र बढ़ाने की प्रक्रिया को कितनी तेज कर देती है। इसकी वजह से आपको काले घेरे, रिंकल्स, फाइन लाइंस जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं।

शराब

कभी-कभी शराब का सेवन भले ही आपके लिए हानिकारक ना हो, लेकिन जब आप इसका उपयोग रोज करने लगते हैं तो यह आपके स्वास्थ्य पर काफी गंभीर असर डालता है। अल्कोहल आपके शरीर में विषाक्त पदार्थों का निर्माण करता है जिसके परिणाम स्वरूप आपकी त्वचा क्षतिग्रस्त होने लगती है, उनमें झुर्रियां पड़ने लगती हैं, कोलेजन की कमी होने लगती है, चेहरे पर मुंहासे दिखने लगते हैं और कई प्रकार की समस्याएं होने लगती हैं। शराब आपके शरीर से पोषक तत्वों, हाइड्रेशन और विटामिन ए के स्तर को कम कर देता है। इसका सीधा-सीधा असर आपकी त्वचा पर पड़ रही झुर्रियों पर होता है जो और तेजी से बढ़ने लगती हैं।

हाई हीट पर पका भोजन

अधिक तापमान पर पकाया जाने वाला भोजन आपके उम्र बढ़ने की प्रक्रिया को तेज कर सकता है। कई अध्ययनों में पता चला है कि हाई हीट पर पकाए गए खाद्य पदार्थ आपके शरीर के अंदर सूजन पैदा कर सकते हैं और ग्लासेशन के बढ़ने का कारण बनते हैं।

अगली खबर