Weather Update Today: बारिश के बाद दिल्ली NCR में मौसम की करवट, जानिए आज कैसा रहेगा हाल

देश
किशोर जोशी
Updated May 30, 2020 | 05:30 IST

Weather Today: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सहित एनसीआर में शुक्रवार को हुई हल्की बारिश के बाद पारा सामान्य से कई डिग्री नीचे गिर गया। आज भी लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।

Delhi ncr India weather update for 30 May heat wave, tapman imd forecast monsoon temperature rain update
Weather Forecast: गर्मी से मिली दिल्ली वासियों को राहत 
मुख्य बातें
  • दिल्ली में शुक्रवार शाम हुई बारिश से लोगों को मिली गर्मी से राहत
  • शनिवार को भी मौसम में रह सकती है ठंडक, गर्म हवाओं पर लगेगी रोक
  • आज दिल्ली का तापमान शुक्रवार की तुलना में और नीचे आ सकता है

नई दिल्ली:  दिल्ली एनसीआर में शुक्रवार शाम हुई हल्की बारिश से न केवल मौसम सुहावना हो गया बल्कि तापमान में कमी आई।  बारिश होने से लोगों को प्रचंड गर्मी से कुछ राहत मिली और पारा सामान्य से कई डिग्री नीचे गिर गया। तेज हवाओं के साथ हुई बारिश के दौरान कुछ इलाकों में ओले भी गिरे। दिल्ली का तापमान 37 डिग्री के आसपास दर्ज किया। मौसम विभाग की मानें तो ताजा पश्चिमी विक्षोभ और तेज हवाएं चलने के कारण मौसम में बदलाव हुआ।

आज भी रहेगी राहत

मौसम विभाग के मुताबिक आज भी तापमान में गिरावट ही रहेगी। इसके अलावा तेज लू चलने की भी पूरी संभावना है। इसके अलावा शनिवार को भी दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और धूल भरी आंधी आने का अनुमान है। आज दिल्ली का तापमान शुक्रवार की तुलना में और नीचे आ सकता है और पालम में यह 36 डिग्री सेल्सियस रहेगा। इसके अलावा तेज हवाओं के साथ बारिश भी होगी।


मौसम विभाग की भविष्यवाणी

मौसम विभाग पहले ही भविष्यवाणी कर चुका है कि 28 से 31 मई के दौरान पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में गरज के साथ बिजली, ओलावृष्टि, आंधी/तेज हवाएं चल सकती हैं और 28 से 30 मई के दौरान ही उत्तर प्रदेश और राजस्थान में धूल भरी आंधी/गरज/तेज हवाएं चलने की संभावना है।

देश के अधिकतर भागों में लुढ़का तापमान

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, शुक्रवार को महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में चंद्रपुर देश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम में आए बदलाव से राजस्थान के लोगों को चिलचिलाती गर्मी से कुछ राहत मिली जहां अधिकतम तापमान में छह से सात डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। हालांकि, इसके बावजूद राज्य में ज्यादातर स्थानों पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ऊपर रहा।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर