Yashwant Sinha on Modi: 'मोदी और नीतीश के प्रयासों से बिहार अब स्वर्ग बन गया है', यशवंत सिन्हा ने कसा तंज

देश
किशोर जोशी
Updated Sep 17, 2020 | 07:50 IST

पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा ने एक बार फिर ट्वीट कर केंद्र और बिहार सरकार पर तंज कसते हुए हमला किया है। उन्होंने पीएम मोदी के साथ- साथ बिहार के सीएम नीतीश कुमार को भी निशाने पर लिया है।

Yashwant Sinha says Bihar has now become a paradise with the efforts of Narendra Modi and Nitish
मोदी और नीतीश के प्रयासों से बिहार अब स्वर्ग बन गया- यशवंत 
मुख्य बातें
  • पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा ने तंज कसते हुए नीतीश और पीएम मोदी पर किया हमला
  • यशवंत सिन्हा ने कहा- नीतीश सरकार नौकरी देने के मामले में फेल रही है
  • केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने सरकार को मजदूरों की हत्यारी कहा

नई दिल्ली: पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा केंद्र सरकार पर निशाना साधने में कभी नहीं चूकते हैं और इसी क्रम में उन्होंने एक बार फिर पीएम मोदी के निशाने पर लिया है। बिहार विधानसभा चुनाव के पहले यशवंत सिन्हा ने राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भी आड़े हाथों लिया। अटल सरकार में अहम जिम्मेदारी निभा चुके सिन्हा ने ट्वीट कर सीधे-सीधे आरोप लगाया है कि अगर जनता एनडीए को वोट देती है तो उसे बाद में पांच साल रोना होगा। 

यशवंत सिन्हा का ट्वीट

यशवंत सिन्हा ने कहा, 'नरेंद्र मोदी और नीतीश के प्रयासों से बिहार अब स्वर्ग बन गया है। 25 सितंबर तक कोरोना भी खत्म हो जाएगा। बाकी जो बचा है वह गॉड और छठ मैया के आशीर्वाद से छठ तक पूरा हो जाएगा। राजग को वोट दीजिये और 5 साल और भोंकार पार कर रोइये।' वहीं अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा, 'मज़दूरों के हत्यारे, जिनके पास मरने वालों का आंकड़ा तक नही है, वे चले है बिहार की सफाई करने। गंदा पानी से गंदा पानी साफ नही होता है। उसके लिए साफ पानी चाहिए।'

नीतीश सरकार कर रही है गुमराह

 पूर्व केंद्रीय मंत्री सिन्हा ने कहा कि पीएम मोदी से उनकी कोई निजी दुश्मनी नहीं है बल्कि वह देश तथा प्रदेश को गर्त में जाने से बचाने के लिए यह विरोध कर रहे हैं। उन्होंनें केंद्र तथा राज्य सरकार पर युवाओं के साथ वादाखिलाफी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार की सरकार नौकरी को लेकर प्रदेश के युवाओं को गुमराह कर रही है। यह पहली बार नहीं है जब यशवंत सिन्हा ने नीतीश और पीएम मोदी पर हमला बोला हो वह पहले भी इसी तरह से दोनों नेताओं पर निशाना साध चुके हैं।

बीजेपी सांसद हैं यशवंत सिन्हा के बेटे जयंत सिन्हा

 यशवंत सिन्हा के बेटे जयंत सिन्हा इस समय बीजेपी सांसद हैं। मोदी सरकार के पहले कार्यकाल के दौरान जयंत सिन्हा केंद्र सरकार में वित्त राज्य मंत्री रह चुके हैं लेकिन इस बार उन्हें मंत्री नहीं बनाया गया है। सीएए और एनआरसी को लेकर भी यशवंत सिन्हा ने सरकार की खुलकर मुखालफत की थी और विपक्ष के साथ सरकार पर तीखा हमला किया था।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर