Jaipur News: जयपुर में दर्दनाक हादसा, प्लॉट के गड्ढे में डूबे दो बच्चे, माता पिता खोजते रहे पर अब मिले शव

Jaipur News: कॉलोनी के लोगों ने दोनों मासूमों के शव देखे तो पुलिस को जानकारी दी। इधर, दोनों को ढूंढ रहे परिजन भी जानकारी मिलने पर मौके पर आए। मौके पर कोहराम मच गया। पुलिस ने बताया कि, मृतकों की शिनाख्त आशु (12) व चंदन (12) के तौर पर हुई हैं।

Jaipur News
जयपुर में प्लॉट के गड्ढे में डूबे दो बच्चे, हुई मौत (प्रतीकात्मक तस्वीर)  |  तस्वीर साभार: ANI
मुख्य बातें
  • दोनों  सोमवार दोपहर 3 बजे से गायब थे
  • दोनों खेलते हुए गड्ढे में भरे पानी में गिरने से डूब गए
  • परिजनों ने राजधानी के कानोता थाने में गुमशुदगी भी दर्ज करवाई थी

Jaipur News: मासूम थे दुनिया की समझ नहीं थी। मगर दोस्ती का मतलब समझते थे। इसलिए रूह भी एक साथ छोड़ दुनिया को अलविदा कह गए। राजधानी जयपुर में दो मासूम दोस्तों के पानी में डूबने से मौत होने की दिल दहला देने वाली घटना हुई है। मंगलवार को दोनों के शव घर के पास ही खाली पड़े प्लॉट के गड्ढे में मिले। अंदाजा लगाया जा रहा है कि, दोनों खेलते हुए गड्ढे में भरे पानी में गिरने से डूब गए। घटना अमर विहार कॉलोनी की है। दोनों  सोमवार दोपहर 3 बजे से गायब थे। इसको लेकर परिजनों ने राजधानी के कानोता थाने में गुमशुदगी भी दर्ज करवाई थी।

कॉलोनी के लोगों ने दोनों मासूमों के शव देखे तो पुलिस को जानकारी दी। इधर, दोनों को ढूंढ रहे परिजन भी जानकारी मिलने पर मौके पर आए। शवों को पानी में तैरते देखकर मौके पर कोहराम मच गया। परिजन विलाप करने लगे। पुलिस ने बताया कि, मृतकों की शिनाख्त आशु (12) व चंदन (12) के तौर पर हुई हैं। पुलिस ने बताया कि कॉलोनी में अपने परिवार के साथ रहने वाले दोनों में गहरी दोस्ती थी। सूचना के बाद मौके पर आई पुलिस ने दोनों के शवों को बस्सी की सीएचसी में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम के लिए रखवाया। कानोता थाने के एएसआई रामनिवास ने बताया कि, कॉलोनी में खाली पड़े प्लॉट में काम चल रहा है, जिसमें खोदे गए गड्ढे में पानी भरा था, संभवतया दोनों एक के बाद एक डूब गए। मामले की जांच की जा रही है। 

ऐसा तोहफा देता है कोई भाई बहन को राखी का

घटना से आहत मृतक आशु के पिता प्रेम सिंह के आंसू थमने का नाम ही नहीं ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि, बहन गौरी (14) का रो- रो कर बुरा हाल है। दोनों में बहुत प्यार था। अब वो कह रही है कि, कोई भाई अपनी बहन को राखी का ऐसा तोहफा देता है क्या। आशु के पिता ने बताया कि चंदन व आशु में गहरी दोस्ती थी। दोनों एक साथ रहते थे। उन्होंने बताया कि घर से करीब आधा किमी दूर कॉलोनी में एक खाली पड़े प्लॉट में किसी का निर्माण कार्य चल रहा है। जिसकी वजह से खुदवाए गए गड्ढे में बारिश का पानी भरा था। अब राखी के त्योहार से पहले दोनों परिवारों को मिले दर्द को जान हर कोई सदमे में है।  


 

Jaipur News in Hindi (जयपुर समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर