Jaipur Crime News: जयपुर की लुटेरी दुल्हन, शादी के 6 माह बाद लाखों के गहने लेकर फरार, जानिए पूरी कहानी

Jaipur Police: जयपुर में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। शादी के 6 महीने बाद एक दुल्हन ससुराल से गहने-कैश समेट कर फरार हो गई। पीड़ित ससुराल वालों ने मुरलीपुरा थाने में दुल्हन के खिलाफ केस दर्ज कराया है।

 jaipur crime news
जयपुर में दुल्हन शादी के 6 माह बाद घर से फरार, गहने-कैश भी ले गई   |  तस्वीर साभार: Representative Image
मुख्य बातें
  • हिंदी नहीं जानने की बात कहकर ससुराल वालों को देती रही धोखा
  • सच्चाई पता चलने पर घर से फरार हुई दुल्हन
  • जयपुर के मुरलीपुरा थाने में मामला दर्ज

Jaipur News: जयपुर में एक अनोखा मामला सामने आया है। शादी के छह महीने बाद ही लुटेरी दुल्हन गहने-कैश लूटकर ससुराल से फरार हो गई। हिंदी नहीं जानने की बात बताकर सास-ससुर सहित अपने पति को भी धोखा देती रही। बाथरुम में दुल्हन को फोन पर बात करते सुना तो परिवार के होश उड़ गए। परिवार को शंका होने का पता चलते ही लुटेरी दुल्हन गहने-नकदी लेकर रफूचक्कर हो गई। ससुराल वालों ने मुरलीपुरा थाने में लुटेरी दुल्हन के खिलाफ प्रकरण दर्ज करवाया है।

मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने बताया है कि आर्य नगर मुरलीपुरा के रहने वाले एक व्यक्ति ने एफआईआर दर्ज करवाई है। प्रकरण में बताया गया है कि बेटे की शादी के लिए उदयपुर के दलाल पवन कुमार कावडिया से मुलाकात हुई थी। जिसमें दलाल के लिए 6 लाख रुपए की एफडी करवाने की बात तय हुई थी। दलाल ने उदयपुर निवासी कीर्ति नाम की लड़की को दुल्हन होना दिखाया। लड़की के साथ आए औरत और आदमी को उसके माता-पिता का होना बताया। दुल्हन कीर्ति को हिंदी बिल्कुल नहीं आने की बात दूल्हे के परिजनों को दलाल ने बताई। शादी के बाद दुल्हन ससुराल आई।

ससुराल वालों को रखा धोखे में

जानकारी के लिए बता दें कि पुलिस ने बताया है कि शादी के बाद 6 महीने से घर रह रही दुल्हन सास-ससुर से ही नहीं अपने पति से भी कुछ नहीं बोली। हिंदी जानते हुए भी छह महीनों तक परिवार को धोखे में रखा। हिंदी नहीं जानने के कारण परिवार वाले सोचते थे कि बहू नई है धीरे-धीरे हिंदी सीख जाएगी। किसी काम की कहने पर भी बहू हां और ना में ही केवल जवाब देती थी। बीते दिनों दुल्हन के बाथरुम में बात करने की आवाज सुनाई दी। बहू कीर्ति मोबाइल पर हिंदी में किसी से धीरे-धीरे बात कर रही थी। बात करते सुनकर बहू पर ससुराल वालों को शक हो गया। इस बारे में बहू कीर्ति को भी पता चला गया।

दुल्हन हो गई फरार

बता दें कि सुसराल वालों को अपने ऊपर शक होने पर दुल्हन ने रात के समय में घर से सोने की चेन (20 ग्राम), सोने का हार (25 ग्राम), सोने की दो बालियां (8 ग्राम), सोने की पुड़िया (4 नग), सोने की दो अंगुठी (2 नग), सोने का एक सिक्का (5 ग्राम), चांदी की दो जोड़ी पायल (200 ग्राम), चांदी के गिलास (400 ग्राम), चांदी के बने 11 सिक्के, चांदी की एक थाली (500 ग्राम) और 25 हजार रुपये नगदी और मोबाइल फोन लेकर फुर्र हो गई। इसके बाद से दलाल और कथित मम्मी-पापा के साथ ही दुल्हन का भी मोबाइल फोन बंद है।

Jaipur News in Hindi (जयपुर समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर