Kanpur Marriage: कानपुर में दूल्हे की इस बात से नाराज हुई दुल्हन ने किया शादी से इनकार, अजब है मामला

Kanpur Marriage: कानपुर में एक दुल्हन ने जरा सी बात पर शादी से इनकार कर दिया। दुल्हन ने इनकार भी ऐसे समय किया जब बारात उसके चौखट पर आ चुकी थी। पुलिस ने भी खूब समझाने की कोशिश की लेकिन बात नहीं बन पाई।

wedding in kanpur
कानपुर में फोटोग्राफी न होने पर दुल्हन ने किया शादी से इनकार  |  तस्वीर साभार: BCCL
मुख्य बातें
  • दुल्हन की एक मांग से नहीं हो पाई शादी
  • गुस्से में दुल्हन जयमाला के स्टेज से भागी
  • पुलिस के समझाने के बाद भी नहीं हुई शादी

Kanpur Marriage: दूल्हा हो या दुल्हन, हर एक को अपनी शादी धूमधाम से करने के कई अरमान होते हैं। कई बार जब सब मन मुताबिक नहीं मिलता तो बात भी बिगड़ जाती है। ऐसा ही एक मामला उत्तर प्रदेश के कानपुर से सामने आया है, जहां एक छोटी सी बात पर दुल्हन इतनी ज्यादा नाराज हो गई कि शादी ही नहीं हो पाई। पुलिस तक ने दोनों पक्षों में समझौता कराने की कोशिशें की लेकिन दुल्हन अपनी जिद पर ही अड़ी रही। आखिरकार धूमधाम से आई बारात, सुबह बिना दुल्हन साथ लिए ही लौट गई। 

मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला मंगलपुर थाना इलाके के एक गांव का है, जहां किसान की बेटी की शादी, डुबकी इलाके के मड़ैया में रहने वाले युवक के साथ तय हुई थी। शादी की तय तारीख पर दूल्हा पक्ष धूमधाम से बारात को लेकर विवाह स्थल पहुंचा। बारात का स्वागत और बाकी रस्में भी अच्छी तरह की गई। जिसके बाद जयमाला का समय आया तो स्टेज पर दुल्हन फोटोग्राफर न देखकर भड़क गई और स्टेज से उतरकर चली गई। 

पुलिस ने भी कोशिश की लेकिन नाकाम रही

दरअसल, दुल्हन का सपना था कि उसकी शादी में फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी हो लेकिन दूल्हा पक्ष बिना किसी फोटोग्राफर ही बारात ले आया। इस बात पर ही दुल्हन नाराज हो गई और शादी के लिए साफ इनकार कर दिया। घरवालों और रिश्तेदारों ने भी लड़की को समझाने की कोशिश की लेकिन वह नहीं मानी। रात भर चले ड्रामे के बाद पुलिस को इस बात की सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों की पंचायत शुरू की। 

पुलिस के कहने के बाद भी दोनों पक्ष नहीं मानें तो इस बात पर समझौता हुआ कि दोनों पक्ष एक दूसरे का दिया हुआ सामान और नगद लौटा देंगे। इसके बाद आखिरकार बिना दुल्हन साथ लिए ही बारात वापसी चली गई। दुल्हन की एक जिद के कारण शादी नहीं हो पाई। इस मामले में पुलिस का कहना है कि सिर्फ फोटोग्राफर न लाने पर विवाद हुआ था जिसके बाद शादी नहीं हो पाई।

Kanpur News in Hindi (कानपुर समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharatपर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर