Kanpur Accident: कानपुर देहात में दर्दनाक हादसा, स्कूल बाउंड्री की दीवार के नीचे दबी दो सगी बहनों की मौत, एक घायल

Kanpur Accident: कानपुर देहात में रविवार की सुबह बारिश के चलते स्कूल की दीवार गिर गई। हादसे में दो सगी बहनों की मौत हो गई, जबकि एक बहन घायल हो गई। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Kanpur Dehat Incident
कानपुर देहात में रविवार को हुए दर्दनाक हादसे में दो सगी बहनों की मौत  |  तस्वीर साभार: Representative Image
मुख्य बातें
  • कानपुर देहात में बारिश के चलते स्कूल की दीवार गिरी
  • हादसे में दो सगी बहनों की मौत, तीसरी घायल
  • सगी बहनों की मौत से परिवार में कोहराम मचा

Kanpur Accident: उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात में रविवार को हुए दर्दनाक हादसे में दो सगी बहनों की मौत हो गई। जबकि एक बच्ची घायल हो गई। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सगी बहनों की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। दरअसल, कानपुर देहात में तेज बारिश के चलते एक स्कूल की दीवार भरभरा कर गिर गई। दीवार गिरने से मलबे में दबकर दो सगी बहनों ने दम तोड़ दिया। जबकि, एक बच्ची गंभीर घायल हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल बच्ची को तुरंत इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही जेसीबी से मलबा हटाने का कार्य शुरू कराया। अकबरपुर स्थित सदर बाजार में यह घटना हुई।

जानकारी के अनुसार, हादसे में सोनम (20) और सलोनी (15) ने दम तोड़ दिया है। जबकि दोनों की छोटी बहन वर्षा घायल है। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मच गया।

तीन सगी बहनें दीवार की चपेट में आकर मलबे में दबी

रविवार सुबह कानपुर देहात में तेज बारिश हो रही थी। इसी दौरान अकबरपुर कस्बे में बने देव समाज स्कूल की दीवार अचानक सड़क पर गिर पड़ी। यहां से गुजर रही तीन सगी बहनें दीवार की चपेट में आकर मलबे में दब गईं। बच्चियों की चीख-पुकार सुनकर लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद एक बच्ची को बाहर निकला। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने रेस्क्यू शुरू कराया। मलबा हटाकर किशोरियों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। 

जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे

सूचना मिलते ही मौके पर जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी पहुंचे। जिलाधिकारी नेहा जैन के अनुसार, कानपुर देहात के अकबरपुर में एक स्कूल की बाउंड्री के गिरने से दुखद घटना हुई है। हादसे में दो किशोरियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। एक लड़की गंभीर घायल है। जिला अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। तीनों ही किशोरियां रामगंज मोहल्ले की रामकृष्ण की हैं।

Kanpur News in Hindi (कानपुर समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharatपर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर