कानपुर में दर्दनाक हादसा, ट्रक की टक्कर से फ्लाई ओवर से नीचे गिरा बाइक सवार यूपी पुलिस का सिपाही, मौत

Road Accident in Kanpur: कानपुर में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। यहां एक ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार यूपी पुलिस का सिपाही फ्लाईओवर से नीचे गिर गया। हादसे में सिपाही की मौत हो गई।

Kanpur Road Accident
कानपुर में दर्दनाक सड़क हादसा  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • कानपुर में ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर
  • टक्कर लगते ही फ्लाईओवर से नीचे गिरा बाइक सवार सिपाही
  • हादसे में सिपाही की मौत, परिवार में मचा कोहराम

Road Accident in Kanpur: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में शुक्रवार की सुबह रफ्तार का कहर देखने को मिला। उन्नाव पुलिस लाइन में तैनात एक सिपाही रक्षाबंधन के त्योहार पर सुबह बाइक से अपने घर कानपुर देहात के लिए जा रहा था। कानपुर में चकेरी में जाजमऊ पुल से रामादेवी फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि, टक्कर इतनी भीषण थी कि सिपाही फ्लाई ओवर से नीचे आ गिरा। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सिपाही को कांशीराम अस्पताल भेजा। यहां डॉक्टर ने देखकर सिपाही को मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, कानपुर देहात के शिवली थाना इलाके के रूरा अलियापुर का रहने वाला सुशील कुमार (35) 2011 बैच का सिपाही था। सुशील कुमार उन्नाव में शुरुआती नौकरी से तैनात था। तीन साल पहले सुशील का तबादला जीआरपी में हो गया था।

ट्रक ने मारी बाइक को जोरदार टक्कर

फिलहाल सुशील उन्नाव रिजर्व पुलिस लाइन में तैनात था। शुक्रवार सुबह सुशील रक्षाबंधन के त्योहार के चलते बाइक से वापस अपने घर जा रहे था। जैसे ही कानपुर में सफीपुर के पास फ्लाईओवर पर पहुंचा, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वह बाइक से उछलकर फ्लाईओवर के नीचे जा गिरा। नीचे गिरने से सुशील के सिर में चोट आ गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सुशील कुमार को कांशीराम अस्पताल में भर्ती कराया गया। 

ट्रक की टक्कर से पुल से नीचे गिरा सिपाही

यहां देखकर डॉक्टर ने सुशील को मृत घोषित कर दिया। चकेरी थाना प्रभारी शैलेन्द्र सिंह के अनुसार, ट्रक की टक्कर से सिपाही पुल से नीचे गिर गया था, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक सिपाही के परिजनों को सूचना दी गई। सिपाही कानपुर देहात के रूरा अलियापुर का निवासी था। सुशील की पत्नी अर्चना, बच्चे रुद्राक्ष (6) और कृष्णा (3) हैं। मृतक सुशील का एक छोटा भाई अजीत राज है, वह भी कानपुर देहात के माखी में डायल 112 पर तैनात हैं। सुशील की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने ट्रक को पकड़ लिया है।

Kanpur News in Hindi (कानपुर समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharatपर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर