Tree Falling On Children: यूपी में बड़ा हादसा, सरकारी स्कूल में पेड़ गिरने से दब गए दर्जनभर बच्चे, मची चीख-पुकार

Government School In Chitrakoot: चित्रकूट के रामनगर विकास खंड के बांधी गांव में पूर्व माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को एक पेड़ गिर गया। हादसे में पेड़ के नीचे खड़े करीब एक दर्जन बच्चे दब गए।

Trees Falling In Government School
सरकारी स्कूल में पेड़ गिरा  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • चित्रकूट में सरकारी स्कूल में बड़ा हादसा
  • सरकारी स्कूल में पेड़ गिरा, दर्जनभर बच्चे दबे
  • घायल बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया

Trees Falling In Government School: उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले में बड़ा हादसा हुआ है। यहां विकास खंड रामनगर के माध्यमिक विद्यालय बांधी में पेड़ टूटकर बच्चों पर गिर गया। हादसे में सात बच्चे घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और खंड शिक्षा अधिकारी मौके पर पहुंचे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी लव प्रकाश यादव के अनुसार सभी घायल बच्चों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर में भर्ती कराया गया। बच्चों का इलाज चल रहा है। वहीं, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ने बताया गया कि सभी को मामूली चोट आई है। 

जानकारी के अनुसार चित्रकूट के रामनगर विकास खंड के बांधी गांव स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में शनिवार की सुबह यह हादसा हुआ। बारिश में जड़ों की मिट्टी से पकड़ कमजोर होने से बड़ा पेड़ गिर गया। हादसे में पेड़ के नीचे खड़े करीब एक दर्जन बच्चे दब गए। 

मैदान में प्रार्थना के दौरान गिरा पेड़ 

बताया जा रहा है कि शनिवार की सुबह करीब आठ बजे बच्चे बाहर मैदान में प्रार्थना कर रहे थे। इस दौरान कुछ बच्चे पुराने पीपल के पेड़ के नीचे खड़े थे। बारिश में मिट्टी नम होने से जड़ों की पकड़ कमजोर हो गई, जिससे पेड़ अचानक गिर गया। पेड़ गिरते ही स्कूल में अफरा तफरी मच गई। सूचना मिलते ही ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे। आनन-फानन गांव के लोगों ने पेड़ के नीचे दबे बच्चों को बाहर निकाला और अस्पताल ले जाया गया।

सीएम योगी ने अधिकारियों को दिया निर्देश

घायलों में शिवऔतार पुत्र विद्यासागर कक्षा छह, कीर्ति पुत्री लवलेश कुमार कक्षा छह, सुष्मिता पुत्री उमाशंकर कक्षा छह, चाहत पुत्र सुशील कुमार कक्षा छह, माया पुत्री राम नरेश पाल कक्षा सात, पूजा पुत्री शिवप्रताप, अंतिमा पुत्री राम अवतार शामिल हैं। घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी संज्ञान में लिया। उन्होंने ट्वीट कर अधिकारियों को निर्देश दिया। ‌जिलाधिकारी अभिषेक आनंद के अनुसार पेड़ गिरने से करीब एक दर्जन बच्चों को मामूली चोट आई, उनका इलाज रामनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया। ‌ इलाज के बाद बच्चों को घर भेज दिया है। उन्होंने बताया कि स्कूल में पीपल का काफी पुराना पेड़ था, बारिश से जड़ों की मिट्टी से पकड़ कमजोर हो गई थी। इस वजह से पेड़ गिरने की बात सामने आ रही है। 
 

Kanpur News in Hindi (कानपुर समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharatपर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर