Kanpur Weather Change News: पश्चिमी विक्षोभ से बदला कानपुर के मौसम का मिजाज, शहरवासियों को लू से मिली राहत

Kanpur Weather Change News: शहर के मौसम में अब बदलाव होने लगा है। लोगों को भीषण गर्मी से राहत भी मिली है। आगे भी कुछ दिन तक राहत रहने के आसार हैं। शहरवासियों को लू और भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।

Kanpur's weather will change now
अभी बदला-बदला रहेगा कानपुर का मौसम  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • शहरवासियों को रविवार को मिली गर्मी से थोड़ी राहत
  • अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस हुआ रिकॉर्ड
  • न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस किया गया दर्ज

Kanpur Weather Change News: कानपुरवासियों को रविवार को गर्मी से थोड़ी राहत मिली। पश्चिमी विक्षोभ की वजह से बादलों ने आसमान घेरे रखा। इस दौरान नम हवा भी चली, जिससे लोगों को गर्मी का अहसास थोड़ा कम हुआ। हालांकि शहर का अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। जबकि न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले हफ्ते से रात का तापमान कम हो सकता है। दरअसल, रविवार की रात तेज हवा चलने से रात के तापमान में मामूली गिरावट आई है। 

मौसम में हुए बदलाव को लेकर चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि बंगाल की खाड़ी एवं अरब सागर से शनिवार की रात से नम हवा बह रही है। इसके चलते रविवार की सुबह लू से लोगों को निजात मिल गई। हवा में नमी रहने के चलने अगले दो दिनों तक लू नहीं चलेगी। न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है। ऐसे में रात में गर्मी ज्यादा लगेगी। 


हवा में 21 से 73 प्रतिशत नमी

मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि अभी हवा की गति नौ किलोमीटर प्रति घंटा है। हवा में नमी की मात्रा 21 से 73 प्रतिशत तक है। यह महीना शहरवासियों के लिए थोड़ी राहत वाला साबित हो सकता है। डॉ. एसएन सुनील पांडेय का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ जम्मू-कश्मीर के ऊपर बना है। इस कारण दिल्ली, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर एवं कुछ अन्य जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। 

अप्रैल में कानपुर 11 सालों में दूसरी बार इतना गर्म रहा

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि कानपुर बीते 11 साल में अप्रैल में दूसरी बार इतना गर्म रहा है। यहां दिन का औसत तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है। 2011 के अप्रैल में औसतम दिन का तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड है। वहीं, मार्च में बारिश में 89 प्रतिशत की गिरावट आई। जबकि अप्रैल में यह 83 प्रतिशत रहा है। 

Kanpur News in Hindi (कानपुर समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharatपर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर