Noida Fraud: ठगी का नया तरीका, शुगर जांच के बहाने बुजुर्ग का लिया थंब इंप्रेशन, फिर खाते से पार किए..

Noida Fraud: नोएडा में शुगर चैक करने के बहाने पड़ोसी के रिश्तेदार ने बुजुर्ग का थंब इंप्रेशन स्कैन कर ठगी की। पीड़ित मंगलवार को बैंक गया तो उसे अपने साथ हुई ठगी की जानकारी मिली। आरोपी ने करीब सवा लाख रुपए निकाल लिए। इसके बाद पीड़ित ने थाने में आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवाया है।

Noida Fraud
शुगर चेकिंग के बहाने ठग ने लिया बुजुर्ग के थंब इंप्रेशन का स्कैन, अकाउंट से उड़ाए रुपए  |  तस्वीर साभार: Representative Image
मुख्य बातें
  • पड़ोसी के रिश्तेदार ने शुगर जांच के बहाने से बुजुर्ग का थंब इंप्रेशन स्कैन कर लिया
  • बुजुर्ग के खाते से 13 बार में 1.25 लाख रुपए निकाल लिए
  • बुजुर्ग बैंक गया तो उसे खुद के साथ हुई ठगी की जानकारी मिली

Noida Fraud: यूपी की साइबर सिटी नोएडा में जालसाजी का एक नया तरीका सामने आया है। जिसमें एक ठग ने अपने रिश्तेदार के पड़ोसी से कुछ इस तरह से ठगी की जिसने भी सुना उसके होश उड़ गए। मामला नोएडा के गांव उस्मानपुर का है। दरअसल एक बुजुर्ग के पड़ोसी का रिश्तेदार दो माह पूर्व उसके घर आया। इसके बाद उसके ब्लड शुगर जांच के बहाने से अंगूठे को स्कैनर पर स्कैन कर लिया।

पीड़ित मंगलवार को बैंक गया तो उसे अपने साथ हुई ठगी की जानकारी मिली। बुजुर्ग के खाते से आरोपी रिश्तेदार ने करीब सवा लाख रुपए निकाल लिए व उसका बैंक अकाउंट खाली कर दिया। इसके बाद पीड़ित ने थाने में आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवाया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। अब साइबर सेल टीम जांच कर रही है। 

अकाउंट से निकाले 13 बार में सवा लाख रुपए

नोएडा पुलिस के मुताबिक गांव उस्मानपुर के रहने वाले बुजुर्ग नत्थी सिंह (62) ने गाजियाबाद के रहने वाले अपने पड़ोसी के रिश्तेदार के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवाया है। पुलिस के मुताबिक पीड़ित ने अपनी शिकायत में लिखा है कि, दो माह पूर्व गाजियाबाद निवासी उसके पड़ोसी का रिश्तेदार शमशेर उसके घर आया था। इस बीच उसने शुगर टेस्ट करने के बहाने से एक मशीन में उसका अंगूठा लगवाया। इसके बाद वह चला गया। पुलिस के मुताबिक गत मंगलवार को पीड़ित अपने अकाउंट से कुछ रकम निकालने के लिए बैंक गया। वहां पर बैंक कर्मियों ने उसे बताया कि, उसके अकाउंट में राशि नहीं है। विगत दो माह में 13 बार में किसी ने उसके खाते से 1.25 लाख रुपए विड्रॉ किए हैं। अपने साथ ठगी होने की जानकारी मिलने पर बुजुर्ग ने थाने में मामला दर्ज करवाया है। पुलिस अब मामले की पड़ताल कर रही है। नोएडा पुलिस के मुताबिक आरोपी की गिरफ्तरी को लेकर उसके कई ठिकानों पर दबिश दी गई है।


 

अगली खबर