Greater Noida Police: मुठभेड़ के बाद ग्रेटर नोएडा पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर अपराधी, चार साल से था फरार

Greater Noida Police: ग्रेटर नोएडा के बीटा टू थाने की पुलिस ने एक चार साल से फरार लूट के आरोपी बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी गोली लगने से घायल हो गया है।जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Vicious criminals caught by Greater Noida Police after encounter
मुठभेड़ के बाद ग्रेटर नोएडा पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर अपराधी 
मुख्य बातें
  • ग्रेटर नोएडा पुलिस की बदमाश से मुठभेड़
  • मुठभेड़ के बाद पुलिस ने किया गिरफ्तार
  • पिछले चार सालों से फरार था शातिर

Greater Noida Police: दिल्ली से सटे यूपी के नोएडा में बदमाशों की सफाई का मिशन लगातार जारी है। गुरुवार को ग्रेटर नोएडा की बीटा 2 पुलिस की एक इनामी  बदमाश के साथ मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान बदमाश के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। घायल अवस्था में बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह बदमाश पिछले चार सालों से फरार चल रहा था। पुलिस ने इस बदमाश पर 25 हजार का इनाम घोषित किया था। पुलिस लगातार इसकी तलाश में थी।

मिली जानकारी के अनुसार, इस बदमाश की पहचान सब्बीर के रूप में हुई है, जिसे पुलिस काफी लंबे समय से तलाश रही थी । करीब 4 साल पहले इसने बीटा 2 थाना क्षेत्र में एक लूट की घटना को अंजाम दिया था। तभी से यह फरार चल रहा था। आज मुखबिर द्वारा पुलिस को सूचना मिली की यह बदमाश ग्रेटर नोएडा होते हुए खोड़ा जा रहा है। इसी सूचना पर बीटा 2 थाना पुलिस इसकी घेराबंदी में जुट गई और डांडा गोल चक्कर के पास पुलिस ने इसको घेर लिया। इस दौरान इसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस पर की फायरिंग

जब बदमाश ने खुद को घिरता देखा तो पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी और भागने लगा। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की और इस दौरान इसके पैर में गोरी लग गई और वह गिर गया। जिसके बाद पुलिस ने उसको दौड़कर पकड़ लिया। घायल अवस्था में इसको नजदीकी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने एक मोटरसाइकिल, तमंचा व कारतूस बरामद किए हैं।

बदमाश पर दर्ज हैं आधा दर्जन से ज्यादा लूट के मुकदमे

मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार हुआ बदमाश बुलंदशहर का रहने वाला है। बदमाश पर आधा दर्जन से ज्यादा लूट के मुकदमे दर्ज हैं। इसने करीब 4 वर्ष पहले भी बीटा 2 थाना क्षेत्र में एक लूट की घटना को अंजाम दिया था और तभी से फरार चल रहा था। उसी मामले को लेकर इस पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। यह बीटा 2 थाने के टॉप 10 बदमाशों में भी शामिल था। फिलहाल घायल अवस्था में उसको उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है और इसके आपराधिक इतिहास की और जानकारी जुटाई जा रही है।

अगली खबर