पटना से गिरफ्तार हुआ एक करोड़ की ठगी करने वाला साइबर ठग, 10 हजार का फ्लैट किराए पर लेकर रह रहा था

Patna Police: पटना पुलिस ने एक बड़े साइबर ठग को गिरफ्तार किया है। यह साइबर ठग हरियाणा में लाखों रुपए की ठगी कर चुका है। यहां राजधानी में यह किराए पर फ्लैट लेकर साइबर ठगी का काम कर रहा था। इसके पास से दो लैपटॉप, छह एटीएम कार्ड, दो मोबाइल आदि बरामद हुए हैं।

Cyber ​​criminal was living in a luxurious flat by cheating one crore
एक करोड़ की ठगी कर आलीशान फ्लैट में रह रहा था साइबर अपराधी  |  तस्वीर साभार: Representative Image
मुख्य बातें
  • शहर के सरिस्ताबाद स्थित एक फ्लैट से हुई गिरफ्तारी
  • हिसार साइबर ब्रांच की टीम ने गर्दनीबाग पुलिस की मदद से ठग को पकड़ा
  • हरियाणा पुलिस ठग को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर गई

Patna Crime News: लोन दिलाने के नाम पर लोगों से एक करोड़ रुपए की ठगी करने वाले साइबर अपराधी को गर्दनीबाग पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया है। हिसार की साइबर ब्रांच की टीम ने स्थानीय पुलिस की सहायता से शहर के सरिस्ताबाद स्थित एक फ्लैट से साइबर ठग अभिषेक कुमार को दबोचा है। इसके कब्जे से दो लैपटॉप, 6 एटीएम कार्ड, दो मोबाइल, चार सिम बरामद हुए हैं। चारों सिम दूसरे के नाम पर रजिस्टर्ड हैं। 

हरियाणा पुलिस साइबर ठग को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर चली गई। पुलिस का कहना है कि, आरोपी अभिषेक साइंस ग्रेजुएट है। इसी मामले में नवादा और आसपास के इलाके से तीन-चार अपराधी जेल भेजे जा चुके हैं। उन लोगों ने ही अभिषेक का नाम लिया था। 

हिसार पुलिस को अभिषेक का लोकेशन पटना मिली थी

पुलिस का कहना है कि, हरियाणा में केस दर्ज होने के बाद अभिषेक वहां से भाग कर पटना आ गया था। यहां वह सरिस्ताबाद में 10 हजार रुपए का फ्लैट किराए पर लेकर रहा था। यहीं से वह साइबर ठगी का काम कर रहा था। दरअसल, हरियाणा पुलिस ने ठगी के मामले में जिन चार लोगों को गिरफ्तार किया था, उन लोगों ने ही अभिषेक का मोबाइल नंबर बताया था। नंबर मिलने के बाद पुलिस को अभिषेक का लोकेशन पटना मिली। इस पर हिसार पुलिस पटना पहुंची और गर्दनीबाग पुलिस की मदद से अभिषेक को गिरफ्तार कर लिया। 

साइबर गिरोह के सरगना को पकड़ने नवादा गई टीम

इधर, दो दिन पहले पटना के पत्रकार नगर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार दो साइबर ठगों के सरगना आनंद को गिरफ्तार करने पटना पुलिस नवादा गई है। पुलिस का कहना है कि, सरगना की गिरफ्तारी के बाद इस गिरोह के अन्य सदस्यों की भी गिरफ्तारी आसान हो जाएगी। थानेदार मनोरंजन भारती का कहना है कि, गिरफ्तार जितेंद्र कुमार और संजीव कुमार के पास से कई राज्यों में खुले बैंक खातों की जानकारी मिली है। इन दोनों ने गिरोह के आधा दर्जन सदस्यों के नाम और पते की जानकारी पुलिस को दी है। पुलिस का कहना है कि, पढ़ाई पूरी करने के दो साल बाद तक इन्हें नौकरी नहीं मिली थी, जिसके बाद ये लोग साइबर ठगी में उतरे।

पढ़िए Patna के सभी अपडेट Times Now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर