Patna Municipal Corporation Garbage Pickup: पटना शहर में अब हर घर से उठेगा कचरा, 60 नए वाहनों की हुई खरीदारी

Patna Garbage Pickup: राजधानी को स्वच्छ और सुंदर बनाने की दिशा में एक और कदम उठाया गया है। हालांकि इससे पहले भी डोर-टू-डोर कचरा उठाव के लिए वाहनों की खरीदारी हुई थी, लेकिन कचरा उठाव का काम पूरे शहर में ठीक से नहीं हो रहा था। अब फिर से नए वाहनों की खरीदारी के बाद दावा किया जा रहा कि, नगर निगम क्षेत्र में घर-घर से कचरा का उठाव होगा।

Patna will become clean and beautiful, dirt will not be seen anywhere
पटना बनेगा स्वच्छ और सुंदर, नहीं दिखेगी कहीं गंदगी  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • नगर निगम के हर अंचल को दिए जाएंगे 10-10 वाहन
  • हर वार्ड को पांच सेक्टरों को बांटा गया
  • हर सेक्टर में उपलब्ध कराएंगे एक-एक डोर-टू-डोर वाहन

Patna Municipal Corporation: पटना नगर निगम ने स्वच्छ पटना-सुंदर पटना के लिए फिर से डोर-टू-डोर कचरा उठाव पर पूरा जोर दिया है। इसके लिए निगम प्रशासन ने 60 नए वाहनों की खरीदारी भी की है। अब नगर निगम के हर अंचल को 10-10 वाहन दिए जाएंगे। इससे पहले से भी हर अंचल को वाहन मिले हुए हैं, जिनमें कुछ खराब हो चुके हैं। अब नए वाहनों के मिलने से सुचारू रूप से कचरा उठाव मुमकिन होगा। नगर निगम ने सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए हर वार्ड को पांच-पांच सेक्टर में बांटा है। हर सेक्टर में एक-एक डोर-टू-डोर वाहन दिया जाएगा। फिलहाल निगम के पास 75 वार्डों में 375 वाहन हैं। 

वाहनों के खराब होने से कचरा उठाव हो रहा था प्रभावित

निगम के पुराने वाहनों के खराब हो जाने की वजह से डोर-टू-डोर कचरा उठाव प्रभावित हो रहा था। इसमें सुधार लाने के लिए ही 60 नई गाड़ियां खरीदी जा रहीं हैं। पटना नगर निगम इस साल 150 ई-रिक्शा भी मंगवाए थे। हर वार्ड को ई-रिक्शा दिया गया है। इन ई-रिक्शा या खुले टिपर से डोर-टू-डोर कचरा उठाव किया जा रहा है। 

घरों के आगे लगे क्यूआरकोड को करना होगा स्कैन

फिलहाल नगर निगम के सभी वार्डों में सफाई वाहन सुबह 6 बजे पहुंच जाता है। इन वाहन में गाना बजता है और लोग अपने घर का कूड़ा डाल जाते हैं। अब नई व्यवस्था के अनुसार, घरों के आगे लगे क्यूआरकोड को कचरा उठाने के बाद स्कैन करना है। हालांकि यह व्यवस्था पूरी तरह काम नहीं कर रही। उम्मीद जताई जा रही है कि, नई एजेंसी के चयन के बाद यह व्यवस्था सुचारू रूप से काम करने लगेगी। बता दें, पटना नगर निगम क्षेत्र से हर दिन 800 टन से अधिक कचरा निकलता है। इसके अलवा सड़कों और मोहल्लों में लोग जहां-तहां कचरा फेंकते हैं। खाली प्लॉट आदि में काफी ज्यादा कचरा संग्रह हो रहा है। नगर निगम के अधिकारी ने बताया कि, आम लोगों में भी जागरुकता होनी चाहिए। कचरा का समुचित उठाव एवं निस्तारण तभी संभव है, जो वह लोग सहयोग करेंगे। केवल निगम के स्तर पर बल प्रयोग और जुर्माना लगाए जाने से यह संभव नहीं है। 

पढ़िए Patna के सभी अपडेट Times Now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर