Patna Railway Update: रेल यात्रियों को सौगात, अगस्त से पाटलिपुत्र स्टेशन से आधा दर्जन और ट्रेनें खुलेंगी

Patna Railway Update: रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी है। राजधानी स्थित पाटलिपुत्र स्टेशन से खुलने वाली ट्रेनों की संख्या बढ़ने वाली है। एक महीने बाद यहां से आधा दर्जन और ट्रेनों का परिचालन शुरू किया जाएगा। स्टेशन के विस्तार का काम पूरा हो जाने के बाद रेलवे ने यह निर्णय लिया है।

6 more trains will run from Patliputra station
पाटलिपुत्र स्टेशन से 6 और ट्रेनें चलेंगी  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 5 की फिनिशिंग का मामूली काम है बचा
  • दीघा ब्रिज के रास्ते रेल ट्रैक की डबलिंग का भी काम पूरा हो चुका है
  • दानापुर स्टेशन से खुलने वाली आधा दर्जन ट्रेनें अब यहां से खुलेंगी

Patna Railway Update: पटना स्थित पाटलिपुत्र स्टेशन का विस्तार कार्य पूरा हो गया है। प्लेटफॉर्म नंबर पांच बनकर तैयार है। फिनिशिंग का मामूली काम शेष है। इसके अतिरिक्त दीघा ब्रिज के रास्ते रेल ट्रैक की डबलिंग भी हो चुकी है। अब रेलवे ने पाटलिपुत्र स्टेशन से आधा दर्जन और ट्रेनें चलाने का फैसला लिया है। दानापुर स्टेशन से खुलने वाली संघमित्रा एक्सप्रेस, पटना-पुणे एक्सप्रेस, पाटलिपुत्र-बरौनी मेमू पैसेंजर और पाटलिपुत्र-जयनगर इंटरसिटी अगस्त से पाटलिपुत्र से खुलेगी। 

इतना ही नहीं मेन लाइन की कुछ ट्रेनों को भी पाटलिपुत्र स्टेशन शिफ्ट किया जा सकता है। मुजफ्फरपुर-छपरा लाइन की कुछ ट्रेनों को भी पाटलिपुत्र स्टेशन के रास्ते चलाने की योजना है। फिलहाल इस स्टेशन से आठ ट्रेनें रवाना होती हैं। जबकि यहां से होकर 28 ट्रेनें गुजरती हैं। 

350 करोड़ रुपए से रीडेवलप हुआ है स्टेशन

पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) वीरेंद्र कुमार का कहना है कि पाटलिपुत्र स्टेशन से ट्रेनों की संख्या समय के साथ बढ़ती रहेगी। इस स्टेशन को 350 करोड़ रुपए से रीडेवलप किया गया है। 

शिफ्ट हो चुकी चार ट्रेनें यहां से हटाई गईं

पाटलिपुत्र स्टेशन 2015 में शुरू हुआ था। तब चार ट्रेनों को यहां शिफ्ट किया गया था। कुछ महीनों के बाद इन चारों ट्रेनों को दानापुर स्टेशन वापस शिफ्ट करा दिया गया था। इनमें से संघमित्रा एक्सप्रेस, पटना-पुणे एक्सप्रेस को दानापुर और पाटलिपुत्र-बरौनी मेमू पैसेंजर और पाटलिपुत्र जयनगर इंटरिसटी को पटना जंक्शन शिफ्ट कर दिया गया था। 

पाटलिपुत्र स्टेशन से यह ट्रेनें खुल रहीं

13206/05 पाटलिपुत्र-सहरसा जनहित एक्सप्रेस, 12142/41 पाटलिपुत्र-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस, 05266/65 पाटलिपुत्र-दरभंगा सवारी गाड़ी, 05253/54 मुजफ्फरपुर-पाटलिपुत्र सवारी गाड़ी, 03215/03216 रक्सौल-पाटलिपुत्र फास्ट पैसेंजर, 12529/12530 पाटलिपुत्र-लखनऊ सुपरफास्ट, 15201/15202 पाटलिपुत्र-नरकटियागंज इंटरसिटी, 03292/03296 पाटलिपुत्र-बरौनी मेमू। 

हजारों यात्रियों को होगी सुविधा

पाटलिपुत्र स्टेशन से ट्रेनों की संख्या बढ़ने से हजारों लोगों को सुविधा होगी। फिलहाल पटना की सड़कों पर कई तरह के निर्माण चलने से लोगों को पटना जंक्शन, दानापुर स्टेशन और राजेंद्र नगर टर्मिनल जाने में काफी परेशानी होती है। जाम फंसने के कारण यात्रियों की ट्रेन छूट जाती है। ऐसे में पाटलिपुत्र स्टेशन से ट्रेनों की संख्या बढ़ने पर लोग आसानी से यहां ट्रेन पकड़ सकेंगे। 

पढ़िए Patna के सभी अपडेट Times Now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर