Patna Weather: पटना में गर्मी ने लगाया 'लॉकडाउन', फिलहाल नहीं है राहत की उम्मीद

Weather Update: राजधानी में इस माह लोगों को गर्मी से राहत मिलती नहीं दिख रही है। भीषण गर्मी से लोगों का हाल बेहाल है। वहीं, मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अभी राहत की उम्मीद रखना बेकार है। वहीं गर्मी के कारण शहर सुनसान नजर आ रहा है। लोग घरों से निकलने से बच रहे हैं।

There will be no relief from the heat yet
गर्मी से अभी नहीं मिलेगी राहत  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • सुबह 10 बजे से ही चल रही हैं गर्म हवाएं
  • रविवार को तापमान 42 डिग्री सेल्सियस किया गया रिकॉर्ड
  • 30 अप्रैल तक शहर का तापमान इतना ही रहने की उम्मीद

IMD Alert: पटनावासियों को फिलहाल भीषण गर्मी की मार झेलनी होगी। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 30 अप्रैल तक गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य तापमान से 5 डिग्री अधिक था। न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।    

बता दें आज सुबह 10 बजे से ही शहरभर में गर्म हवाएं चलने लगी हैं। इस कारण लोगों का घर से बाहर निकला मुश्किल हो रहा है। मानों शहर में गर्मी के कारण लॉकडाउन लग गया है। फुलवारी शरीफ स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक 30 अप्रैल तक तापमान 42 डिग्री एवं इसके आस—पास रहने के आसार हैं।  

दोपहर 4 बजे तक लू चलने से लोग परेशान

सुबह 10 बजे से ही गर्म हवा चलने लगी है। यह सिलसिला दोपहर 4 बजे तक चलता है। इस दौरान सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता है। 4 बजे के बाद ही बाजार में भीड़ उमड़ रही है। दूसरी ओर गर्मी के कारण डायरिया, अपच एवं पेट दर्द के मरीज बढ़ रहे हैं। भीषण गर्मी की वजह से अस्पताल में इन परेशानियों से जुड़े लोग पहुंच रहे हैं। न्यू गार्डिनर रोड अस्पताल के निदेशक डॉ. मनोज सिन्हा ने बताया कि गर्मी की वजह से पेट की बीमारियों से जुड़े मरीजों की संख्या बढ़ रही है। ऐसे में मरीजों को धूप में निकलने से बचना चाहिए। बच्चों को खूब पानी पिलाएं। बच्चों को उल्टी-दस्त की शिकायत होने पर ओआरएस का घोल दें। 

पटना समेत इन जिलों में लू का कहर

मौसम विभाग के अनुसार अभी पटना समेत कई जिले लू की चपेट में हैं। इनमें गया, नालंदा, भोजपुर, शेखपुरा, लखीसराय, बक्सर, औरंगाबाद, भागलपुर, कैमूर, बेगूसराय, खगड़िया, मुंगेर, नवादा, बांका, जमुई, रोहतास शामिल हैं। इन जिलों में एक-दो दिनों में गर्मी और लू और बढ़ सकती है। वहीं, उत्तर बिहार के अधिकांश जिलों में दो-तीन दिनों बाद पुरवइया हवा चलने की उम्मीद है। इससे इन जिलों में तापमान सामान्य रह सकता है।

पढ़िए Patna के सभी अपडेट Times Now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर