कोरोना के नए वैरिएंट का बढ़ा डर, WTO की बैठक टली

Corona New Variant: कोरोना के नए वैरिएंट ने चिंताएं बढ़ानी शुरू कर दी है। इसकी वजह से WTO ने अपनी अहम बैठक टाल दी है।

New Corona Variant
नए कोरोना वैरिएंट ने पूरी दुनिया में हड़कंप मचा दिया है।  |  तस्वीर साभार: BCCL
मुख्य बातें
  • WTO की जेनेवा में होने वाली बैठक कोरोना के नए वैरिएंट को देखते हुए टल गई है।
  • अमेरिका,स्विटजरलैंड, ब्रिटेन, जर्मनी, नीदरलैंड, इटली , ऑस्ट्रिया, चेक गणराज्य ने दक्षिण अफ्रीका से उड़ानों पर प्रतिबंध लगा दिया है।
  • WHO ने कोरोना वायरस के नए स्‍ट्रेन को Omicron नाम दिया है और इसे 'वैरिएंट ऑफ कंसर्न' कैटेगरी में रखा है।

जेनेवा : कोरोना के नए वैरिएंट ओमीक्रॉन की दहशत बढ़ती जा रही है। जोखिम को देखते हुए विश्व व्यापार संगठन (WTO) ने मंगलवार को होने वाले  मंत्रियों के अपने सम्मेलन को टाल दिया है।  WTO ने यह फैसला कोरोना वायरस के नये वैरिएंट को देखते हुए, स्विट्जरलैंड द्वारा लगाए गए नए यात्रा प्रतिबंध के बाद किया है। 

जेनेवा में होने वाली थी बैठक

जेनेवा स्थित डब्ल्यूटीओ मुख्यालय में होने वाले एमसी12 सम्मेलन में मत्स्य पालन के लिए सब्सिडी पर समझौता और कोविड-19 टीकों से जुड़े पेटेंट और अन्य बौद्धिक संपदा संरक्षण नियमों में छूट देने जैसे मुद्दों पर बैठक होनी थी। मत्स्य पालन के लिए सब्सिडी संबंधी समझौते को दुनिया भर के समुद्रों में ज्यादा मछलियां पकड़ने से रोकने के एक प्रमुख तरीके के रूप में देखा जा रहा है।

सू्त्रों के अनुसार डब्ल्यूटीओ के 164 सदस्य राष्ट्रों के राजदूत, स्विटजरलैंड के यात्रा प्रतिबंधों को देखते हुए चार दिवसीय सम्मेलन को टालने पर सहमत हो गए हैं। इन प्रतिबंधों के कारण सभी प्रतिभागियों की मौजूदगी संभवन नहीं रह गई थी।और ऑनलाइन बैठक को बेहतर विकल्प नहीं माना जा रहा है।

ये नियम लागू

स्विटजरलैंड स्वास्थ्य विभाग के अनुसार कि दक्षिणी अफ्रीका से सभी सीधी उड़ानों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसके अलावा बेल्जियम, हांगकांग और इजराइल जैसे अन्य देशों से आने वाले सभी लोगों को आगमन पर कोविड-19 की नेगेटिव रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी। इसके अलावा उन्हें 10 दिन के लिए आइसोलेशन में रहना होगा।

WHO ने  'वैर‍िएंट ऑफ कंसर्न' घोषित किया

WHO ने कोरोना वायरस के इस नए स्‍ट्रेन को Omicron नाम दिया है और इसे 'वैरिएंट ऑफ कंसर्न' कैटेगरी में रखा है। नया वैरिएंट की इस हफ्ते पहली बार दक्षिण अफ्रीका में पहचान की गई। इसके बाद यह बोत्सवाना सहित अफ्रीका के दूसरों देशों में फैल गया है। चिंता की बात यह है कि इन जगहों पर वैक्सीन लगवाने के बाद भी लोग संक्रमित हो रहे हैं। नया वैरिएंट मिलने के बाद दक्षिण अफ्रीका में चार गुना तक केस बढ़ गए हैं।

कई देशों ने प्रतिबंध लगाना शुरू किया

नए वैरिएंट के खतरे को देखते हुए अमेरिका, ब्रिटेन, जर्मनी, नीदरलैंड, इटली , ऑस्ट्रिया, चेक गणराज्य ने दक्षिण अफ्रीका से उड़ानों पर प्रतिबंध लगा दिया है। इसके अलावा ब्रिटेन ने  बोत्सवाना, लेसोथो, इस्वातिनी, जिम्बाब्वे और नामीबिया से आने वाले यात्रियों पर यात्रा प्रतिबंध लागू किए हैं। वहीं कई यूरोपीय देशों ने नामीबिया, जिम्बाब्वे ,बोत्सवाना, लेसोथो और जाम्बिया से उड़ानें सस्पेंड कर दी हैं।

अगली खबर