Agra:कारखाना संचालक ने चांदी चोरी का आरोप लगा कारीगर को बना लिया बंधक, गर्म सरिए से दागा

Bullion Trader: आगरा में कारखाना संचालक ने दो किलो चांदी चोरी का आरोप लगाते हुए कारीगर को जमकर पीटा। आरोप है कि कारीगर को बंधक बना लिया। इस दौरान उसे गर्म सरिये से भी दागा। फिलहाल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

Bullion Trader
आगरा जिले में बर्बरता की हदें पार  |  तस्वीर साभार: Representative Image
मुख्य बातें
  • कारखाना संचालक ने दो किलो चांदी चोरी के आरोप में कारीगर को बंधक बनाया
  • कमरे में बंद कर बेरहमी से पीटा, चांदी कारीगर को सरिए से दागा
  • पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया

Bullion Trader: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से हैरान करने वाली खबर सामने आई है। न्यू आगरा के नगला पदी में चांदी चोरी के शक में कारखाना संचालक ने कारीगर के साथ बर्बरता की हदें पार कर दीं। कारीगर को कमरे में बंद कर बेरहमी से पीटा। आरोप है कि पिटाई के बाद कारीगर को गर्म सरिए से दाग भी दिया। इसके बाद आरोपियों ने कोरे कागज पर अंगूठा लगवाया और उसे छोड़ दिया। पीड़ित कारीगर ने पुलिस को तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने 11 नामजद के खिलाफ बंधक बना कर मारपीट, जान से मारने की धमकी और एससी-एसटी एक्ट के तहत 11 लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।

साथ ही कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार भी कर लिया है। जानकारी के अनुसार एत्माद्दौला के ज्वाला नगर के रहने वाले रंजीत ने बताया कि वह चांदी पायल का कारीगर है। इन दिनों वह नगला पदी में लीकेश नाम के कारखाना संचालक के कारखाने में कार्य कर रहा है। चार महीने पहले लीकेश ने कारखाना बंद कर दिया था। लेकिन उस समय उसका हिसाब नहीं किया। 

घर की तीसरी मंजिल पर ले जाकर पीटा

30 अगस्त को दूसरे कारीगर राहुल ने रंजीत को फोन किया और कहा कि हिसाब के लिए कारखाना संचालक लीकेश ने बुलाया है। सूचना मिलने पर रंजीत शाम को लीकेश के घर पहुंच गया। आरोप है कि घर में लीकेश के अलावा उसका भाई पवन, दोस्त योगेश कुमार, विनोद कुशवाहा, राहुल, अजय, रवि, पवन, चिंन्ना, बॉबी और नीरज समेत कई लोग मौजूद थे। ये सभी लोग रंजीत को घर की तीसरी मंजिल पर ले गए। यहां ले जाकर कमरे में बंद कर दिया। संचालक लीकेश ने रंजीत पर दो किलो चांदी चोरी का आरोप लगाया। और कहा कि चांदी वापस कर दे। रंजीत ने चोरी करने की किसी भी घटना से इंकार कर दिया। इस पर लोकेश और वहां मौजूद अन्य भड़क गए।

कारीगर का आरोप, कोरे कागज पर अंगूठा लगवाकर छोड़ा

इसके बाद आरोपियों ने रंजीत को जमकर पीटा। फिर मोबाइल से वीडियो बनाया और कहा कि वह चोरी करने की बात कबूल कर ले। लेकिन वह नहीं माना। इस पर आरोपियों ने गर्म सरिये से गर्दन जला दी। फिर आरोपियों ने कोरे कागज पर अंगूठा लगवाया। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने उसकी स्कूटी, मोबाइल और पैसे अपने पास रख लिए। वह किसी तरह घर पहुंचा। एक सितंबर को इस मामले में थाने पहुंचा और शिकायत दी। थाना प्रभारी निरीक्षक विजय विक्रम सिंह के अनुसार पीड़ित की तहरीर के आधार पर 11 नामजद के खिलाफ मारपीट, एससी-एसटी एक्ट सहित अन्य धारा में मुकदमा दर्ज किया है। कारखाना संचालक समेत तीन लोगों को शांति भंग में गिरफ्तार किया गया है।

Agra News in Hindi (आगरा समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर