Agra News: आगरा में कर्ज से परेशान युवक ने यमुना में लगाई छलांग, गूगल की मदद से पुलिस ने बचाई जान, जानिए कैसे?

Agra Suicide Attempt: आगरा में कर्ज से परेशान युवक ने यमुना में छलांग लगा दी। आत्महत्या से पहले उसने भाई को जानकारी दी थी। सूचना के बाद अलर्ट मोड में आई पुलिस ने गूगल लोकेशन से युवक को बचा लिया।

Agra Suicide Attempt
आगरा में युवक ने की आत्महत्या की कोशिश  |  तस्वीर साभार: Representative Image
मुख्य बातें
  • आगरा में कर्ज से परेशान युवक ने यमुना में लगाई छलांग
  • सूचना मिलते ही पुलिस ने की युवक की तलाश
  • पुलिस ने गूगल लोकेशन से बचाई युवक की जान

Agra Suicide Attempt: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां एक युवक ने कर्ज से परेशान होकर यमुना में छलांग लगा दी। यमुना में कूदने से पहले युवक ने अपने भाई को फोन कर आत्महत्या करने की जानकारी दी थी। युवक के भाई ने आनन-फानन यूपी 112 पर कॉल कर पुलिस को जानकारी दी और अपने भाई को बचाने की गुहार लगाई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद गूगल लोकेशन शेयर कर युवक की तलाश कर ली गई और उसे यमुना से बाहर निकाला। युवक की जान बचाने वाले पुलिसकर्मियों को परिवार के लोगों ने धन्यवाद दिया है।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब 9 बजे पुलिस को सूचना मिली कि दीपक कुमार नाम का युवक यमुना में कूदने जा रहा है, उसको बचा लो। पुलिस को जानकारी दी कि वह इस वक्त हाथी घाट पर मौजूद है। 

गूगल लोकेशन से बचाई युवक की जान

यूपी 112 पर सूचना मिलते ही थाना छत्ता पुलिस को जानकारी दी गई। उस दौरान थाने की डिवीजन चौकी प्रभारी चित्र कुमार बेलनगंज के गश्त पर थे। तुरंत वो अन्य पुलिसकर्मियों के संग बाइक पर हाथी घाट पर पहुंचे। लेकिन यहां किसी के कूदने के बारे में जानकारी नहीं मिली। इस पर उन्होंने कॉल करने वाले शख्स से जानकारी ली। इस पर कॉलर ने बताया कि दीपक यमुना में है। उसकी गूगल लोकेशन भी मिल रही है। इस पर तुरंत दरोगा ने युवक की लोकेशन ली। 

डूबते युवक को बचाने के लिए पुलिसकर्मियों ने लगाई यमुना में छलांग

लोकेशन अंबेडकर पुल पर मिली। पुलिसकर्मी तलाश करते हुए अंबेडकर पुल के नीचे पहुंचे तो यहां पर मोबाइल और पर्स रखे मिल गए। यमुना में एक युवक डूब रहा था। उसे देख पुलिसकर्मियों ने यमुना में छलांग लगाई और उसे बचाकर बाहर निकाल लाए। चौकी प्रभारी चित्र कुमार के मुताबिक, दीपक कुमार सेवला सदर में रहता है। वो प्राइवेट कंपनी में अकाउंट का काम देखता है। उस पर कर्ज हो गया था। इस वजह से वह परेशान था। दीपक के भाई ने पुलिस को जानकारी दी थी। दीपक के मिलने के बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस ने उसे परिजन को सौंप दिया। 
 

Agra News in Hindi (आगरा समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर