Agra Police Big Action: आगरा में पुलिस ने की फिर बड़ी कार्रवाई, गैंगस्टर एक्ट के तहत 90 लाख का मकान कुर्क

Agra Police Big Action: आगरा पुलिस ने एक बार फिर से बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी का 90 लाख रुपये का मकान कुर्क किया है।

Agra Police Big Action
आगरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • आगरा में फिर बड़ी कार्रवाई
  • पुलिस ने कुर्क किया 90 लाख का मकान
  • शहर में जारी है पुलिस का अभियान

Agra Police Big Action: उत्तर प्रदेश के आगरा शहर में अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी है। पुलिस-प्रशासन की टीम ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट के तहत आरोपी का मकान कुर्क किया है। बताया गया कि जयपुरिया गैंग के साथ नशे की दवाओं की तस्करी करने के मामले में यह कार्रवाई की गई है। पुलिस ने शातिर आरोपी संजीव कुमार गुप्ता का करीब 90 लाख रुपये का मकान कुर्क किया है। आरोपी संजीव गुप्ता का मकान न्यू आदर्श नगर में है। जिले में पुलिस-प्रशासन का आरोपियों के खिलाफ अभियान चल रहा है। अभियान के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है।

एसपी सिटी विकास कुमार के अनुसार, करीब दो साल पहले कमला नगर क्षेत्र में एक बड़ा खुलासा हुआ था। यहां पुलिस ने छापा मारकर नशे की दवाओं का जखीरा पकड़ा गया था। उस समय पुलिस ने मौके से आरोपी पंकज गुप्ता समेत अन्य आरोपियों को जेल भेजा था।

पुलिस ने आरोपी का मकान किया सील

बता दें कि इस मामले में न्यू आदर्श नगर निवासी संजीव कुमार गुप्ता भी नामजद था। यहां आरोपी का मेडिकल स्टोर चलता था। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने अवैध संपत्ति को चिन्हित किया। इसके बाद पुलिस ने संपत्ति जब्तीकरण की कार्रवाई की। वहीं पुलिस-प्रशासन की टीम सोमवार को आरोपी संजीव कुमार गुप्ता के मकान पर पहुंची। यहां टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी के मकान को सील कर दिया। पुलिस ने चेतावनी दी कि अगर यह संपत्ति किसी ने खरीदने की कोशिश की तो उसके खिलाफ भी इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी।

आरोपी पंकज के गोदाम पर मारा था छापा

पुलिस और औषधि विभाग की टीम ने नशे की दवाओं की तस्करी के मामले में 19 दिसंबर 2020 को कमला नगर में पंकज गुप्ता के गोदाम पर छापामारी की थी। उस समय पंकज के गोदाम पर तीन दिन तक संयुक्त टीम ने कार्रवाई की थी। पुलिस ने बल्केश्वर के तेज नगर के रहने वाले सूर्यकांत गुप्ता, बेटे अमर गुप्ता, गोदाम के साझीदार किशन अग्रवाल समेत सात आरोपियों को दबोचा था। वहीं थाना कमला नगर में दो मुकदमे दर्ज हुए थे। पुलिस ने इस मामले में 15 आरोपी बनाए थे। बताया गया कि इनमें संजीव कुमार गुप्ता भी शामिल था। खास बात यह है कि टीम ने सात करोड़ रुपये की दवाओं को जब्त किया था।

Agra News in Hindi (आगरा समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर