महंगा हो सकता है ताजमहल का दीदार करना, यहां जानें कितनी हो जाएगी टिकट की कीमत

आगरा समाचार
Updated Mar 16, 2021 | 23:20 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

Taj Mahal: 1 अप्रैल से ताज महल जाने महंगा हो सकता है। घरेलू पर्यटकों को 480 रुपए जबकि विदेशी पर्यटकों को 1600 रुपए देने पड़ सकते हैं।

Taj Mahal
ताज महल 

नई दिल्ली: दुनिया के 7 अजूबों में से एक और विश्व धरोहर स्थल ताजमहल के दीदार करना अब महंगा हो सकता है, क्योंकि आगरा प्रशासन ने विदेशी और घरेलू पर्यटकों दोनों के लिए प्रवेश टिकट की कीमत में वृद्धि करने का निर्णय लिया है।

भारतीय टूरिस्ट वर्तमान में स्मारक के प्रवेश शुल्क के रूप में 50 रुपए देते हैं, जबकि विदेशी पर्यटक स्मारक में प्रवेश करने के लिए 1100 रुपए देते हैं। नए मूल्य वृद्धि के तहत भारतीय पर्यटकों को अब स्मारक में प्रवेश करने के लिए 80 रुपए का भुगतान करना होगा, जबकि विदेशी पर्यटकों को ताज महल में प्रवेश करने के लिए 1200 रुपए का भुगतान करना होगा।

महंगा होगा ताज महल देखना

इसके अलावा, आगरा विकास प्राधिकरण (ADA) मुख्य गुंबद में प्रवेश करने की इच्छा रखने वाले पर्यटकों से 200 रुपए लेगा। यह उन 200 रुपए से अलग है जो वर्तमान में एएसआई पर्यटकों से वसूलता है। आगरा मंडल के आयुक्त अमित गुप्ता ने बताया, 'आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) ने मुख्य गुंबद में प्रवेश करने के लिए 200 रुपए का शुल्क प्रस्तावित किया है, जो भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) द्वारा पहले से वसूले जा रहे 200 रुपए से अलग है।'

ताजमहल में प्रवेश का संशोधित किराया वृद्धि 1 अप्रैल, 2021 से लागू होने की संभावना है। नए किराए के अनुसार, मुख्य गुंबद में प्रवेश करने के इच्छुक घरेलू पर्यटकों से 480 रुपए लिए जाएंगे, जबकि विदेशी पर्यटकों से 1600 रुपए लिए जाएंगे। 

टूरिस्ट और गाइड खुश नहीं

ताजमहल में किराया महंगा होने से निश्चित रूप से पर्यटकों और यहां के टूर गाइड परेशान हो सकते हैं। एक टूरिस्ट ने कहा, 'यदि कीमतें बढ़ती हैं, तो इससे भारतीय पर्यटकों को अपनी विरासत देखने में असुविधा होगी। मुख्य गुंबद पर जाने के लिए हम 50 रुपए देते थे। अगर यह फिर से बढ़ जाता है, तो भारतीय पर्यटक कम हो जाएंगे।' वहीं टूर गाइड ने शिकायत की, 'पहले भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ने कीमतों में वृद्धि की, अब आगरा विकास प्राधिकरण ने भी प्रस्तावित किया है, जबकि पर्यटकों के लिए कोई नई सुविधा शामिल नहीं की गई है। वे सिर्फ टैक्स बढ़ा रहे हैं।'

Agra News in Hindi (आगरा समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर