Agra Mass Suicide Case: आगरा में सनसनीखेज वारदात, घर में फंदे से लटके मिले दंपत्ति और आठ साल की बेटी, मचा हड़कंप

Agra Mass Suicide Case: आगरा में पति-पत्नी और बेटी के शव फंदे से लटके मिलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस इसे सामूहिक आत्महत्या मान रही है। फिलहाल शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Agra Mass Suicide
आगरा में घर में फंदे से लटके मिले दंपत्ति और आठ साल की बेटी  |  तस्वीर साभार: Representative Image
मुख्य बातें
  • आगरा में दंपत्ति और आठ साल की बेटी के शव फंदे पर लटके मिले
  • परिवार के तीन लोगों के शव लटके मिलने की खबर से मचा हड़कंप
  • दंपती ने 15 साल पहले किया था प्रेम विवाह

Agra Mass Suicide: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक दंपत्ति और उसकी आठ साल की बेटी का शव फंदे से लटका मिला है। एक ही परिवार के तीन लोगों के शव लटके मिलने की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया। शवों को लटके देख परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। पुलिस इसे सामूहिक आत्महत्या मान रही है। फिलहाल शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस सभी एंगल पर मामले की जांच में जुटी है। जानकारी के अनुसार, सिकंदरा थाना इलाके की आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर-10 में निवासी सोनू और उसकी पत्नी गीता, आठ साल की बेटी सृष्टि व बेटा श्याम रहते थे। 

मंगलवार रात को चारों लोग खाना खाकर सो गए थे। जब सुबह बेटे श्याम की आंख खुली तो मां-बाप और बहन के शव फंदे पर लटके मिले थे। वह तीनों के शवों को देखकर वह चीखने लगा। चीखने-चिल्लाने की आवाज सुन परिवार के अन्य लोग भी पहुंच गए। 

सोनू ने गीसा से किया था प्रेम विवाह

बताया जा रहा है कि आवास विकास कॉलोनी निवासी सोनू ने 15 साल पहले आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर-12 की रहने वाली गीता से प्रेम विवाह किया था। हालांकि वह दोनों यहां से चले गए थे। दोनों हरिद्वार में रहने लगे थे। मृतक सोनू एक फैक्टरी में काम करता था, छह साल पहले वह हादसे का शिकार हो गया था। सोनू की मां के अनुसार, कंधे में चोट लगने के कारण वह वजन नहीं उठा पाता था। ठीक होने के बाद उसने अपने पिता की ट्रक बॉडी बनाने की दुकान पर काम शुरू कर दिया था। 

मां-बाप और बहन के शव फंदे पर लटके देख निकली चीख

इस दौरान लॉकडाउन लग गया, और सोनू का काम बंद हो गया। वह घर पर ही रहता था। इन दिनों परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। इस कारण बच्चों की पढ़ाई भी छूट गई। सोनू के परिवार का खर्च उसके मां-बाप चला रहे थे। सोनू की मां ने बताया कि मंगलवार शाम को बेटी सृष्टि आई और दूध लेकर चली गई थी। बुधवार सुबह सात बजे तक कोई ऊपर से नहीं आया था। जब बेटा श्याम उठा तो उसने देखा कि मां-बाप और बहन फंदे से लटके हैं। उसकी चीख निकल गई। यह सुन परिवार के लोग पहुंचे। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई। दंपत्ति और उनकी बेटी के शव लटके मिलने से मोहल्ले के लोग भी स्तब्ध हैं। मामले में सीओ हरी पर्वत सत्यनारायण का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है।

Agra News in Hindi (आगरा समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर