Agra Crime: आगरा में बिजली की केबल डालने से रोकने पर हुए विवाद में गर्भवती महिला और उसके पति को मारी गोली

Agra Crime: आगरा में ट्रांसफॉर्मर से बिजली की केबल डालने को लेकर गांव के दो लोगों में विवाद हो गया। तभी एक ने दूसरे के घर में घुसकर फायरिंग कर दी। इसमें दंपत्ति गोली लगने से गंभीर रुप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर घटना स्थल पर पहुंची पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में लगी है।

Agra News
आगरा में बिजली की केबल डालने के विवाद में दंपत्ति को मारी गोली  |  तस्वीर साभार: Representative Image
मुख्य बातें
  • आगरा में ट्रांसफॉर्मर से बिजली की केबल डालने को लेकर दो लोगों में विवाद शुरू हो गया
  • महिला के सिर में गोली लगने से वह गंभीर रुप से घायल हो गई, वह छह महीने की है गर्भवती
  • 20-25 लोगों को घटना स्थल पर बुलाकर दंपत्ति पर फायरिंग कर दी

Agra Crime News: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले खंदौली क्षेत्र के गांव गढ़ी राठौर में ट्रांसफॉर्मर से बिजली की केबल डालने को लेकर गांव के दो लोगों में विवाद शुरू हो गया। तभी एक ने दूसरे के घर में घुसकर हमला बोल दिया। फायरिंग भी कर दी। इसमें दंपत्ति गोली लगने से गंभीर रुप से घायल हो गए। वहीं विवाद में चार अन्य को भी चोट आई। सूचना मिलने पर घटना स्थल पर पुलिस पहुंची, लेकिन तब तक हमलावर भाग गए। पुलिस देर रात आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में लगी रही।  

आगरा के गांव गढ़ी राठौर में राजू की बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान है। उसके घर के सामने बिजली सप्लाई के लिए ट्रांसफार्मर लगा हुआ है। उसी गांव के ही रहने वाले रविंद्र सिंह ने घर के पास ही अपना मुर्गी फार्म बना रखा है। सोमवार की रात में रविंद्र ट्रांसफॉर्मर से बिजली की केबल फार्म तक जमीन में डाल रहा था। उसी समय राजू घर से निकला और उसने केबल डालने से मना किया। उसने कहा कि जेई के आने के बाद ही केबल डाली जाएगी। 

घर मे घूसकर लोगों ने बोला हमला 

यह बात रविंद्र को बुरी लग जाने के कारण वह गाली-गलौज करने लगा। इस पर दोनों के बीच में मारपीट होने लगी। वहीं गांव के लोगों के आने पर विवाद खत्म हो गया। तो राजू अपने घर में चला गया। उसके बाद आरोप है कि रविंद्र ने 20 से 25 लोगों को घटना स्थल पर बुला लिया। इसके बाद लाठी-डंडे से राजू के घर पर हमला बोला और फायरिंग कर दी। एक गोली राजू के चेहरे के पास लगने से वह घायल होकर गिर पड़ा।

हमलावरों ने गर्भवती पर चलाई गोली

उसकी पत्नी उसे बचाने आई थी। उसी दौरान हमलावर रविंद्र ने एक और फायर कर दिया। महिला के सिर में गोली लगने से वह गंभीर रुप से घायल हो गई। महिला छह महीने की गर्भवती है। घटना से चीख-पुकार मच गई। राजू के परिवार के कन्हैया लाल, सोनम, नरेंद्र और विष्णु आ गए। हमलावरों ने उनको भी लाठी डंडों से पीटा। फायरिंग की आवाज सुनकर लोग घरों से निकल आए। इसके बाद आरोपी घटना स्थल से भाग गए। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई।  

पुलिस कर रही कार्रवाई

थाना प्रभारी आनंदवीर सिंह ने कहा कि पुलिस ने घायलों को एसएन मेडिकल कालेज इमरजेंसी भिजवा दिया है। राखी की हालत गंभीर बनी हुई है। देर रात परिजनों ने घर में मारपीट, जानलेवा हमला, लूट का आरोप लगाया है। आरोपी गांव से फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

Agra News in Hindi (आगरा समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर