Agra Double Murder: आगरा में डबल मर्डर से सनसनी, गल्ला व्यापारी और पत्नी के कमरे में खून से सने मिले शव

Agra Double Murder: आगरा के पिनाहट कस्बे में रविवार को दोहरे हत्याकांड से सनसनी फैल गई। बुजुर्ग व्यापारी दंपत्ति को बदमाशों ने बेरहमी से मार डाला। लूटपाट की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Agra Double Murder
आगरा में डबल मर्डर, गल्ला व्यापारी और पत्नी की हत्या  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • आगरा में डबल मर्डर से सनसनी, घर में मिले शव
  • बदमाशों ने की व्यापारी दंपत्ति की बेरहमी से हत्या
  • लूटपाट के बाद हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

Agra Double Murder: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के पिनाहट कस्बे में रविवार को दोहरे हत्याकांड और लूट की वारदात से हड़कंप मच गया। पिनाहट थाने से महज 200 मीटर दूर मार मोहल्ला में रहने वाले गल्ला व्यापारी सुरेश चंद्र गुप्ता (70) और उनकी पत्नी कृष्णा (65) का बेरहमी से कत्ल कर दिया। घटना की जानकारी तब हुई जब व्यापारी रविवार को देर तक घर से बाहर नहीं आए। घर के दरवाजे खुले थे। पड़ोसियों को शक हुआ तो लोगों ने उनके घर जाकर देखा तो व्यापारी और उनकी पत्नी का शव पड़ा था। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई है। वहीं, घटना के विरोध में व्यापारियों ने बाजार बंद कर दिया। 

जानकारी के अनुसार, सुरेश चंद गुप्ता अपनी पत्नी कृष्णा गुप्ता के साथ मोहल्ला मार में रहते थे। व्यापारी सुरेश की गल्ले की आढ़त और तेल मिल हैं। सुरेश का एक बेटा मुकेश गुप्ता है, जो अपने परिवार के साथ बल्केश्वर स्थित शिव रेजीडेंसी में रहता है। दो बेटियां हैं, उनकी शादी हो चुकी है। 

घर में मिले लहूलुहान हालत में दंपत्ति के शव

पड़ोस के लोगों ने बताया कि सुरेश चंद्र गुप्ता शनिवार को अपने बेटे से मिलने गए थे। शाम 4:30 बजे लौटे थे, उसके बाद उन्होंने पिनाहट में अपना मिल खोला था। शनिवार की शाम करीब 7:30 बजे उन्होंने मिल बंद किया और घर चले गए थे। रविवार को दोपहर करीब 12 बजे तक सुरेश चंद गुप्ता अपने घर से बाहर नहीं आए। घर के दरवाजे खुले थे। जब पड़ोसियों ने घर में देखा तो फस्ट फ्लोर पर कमरे में सुरेश चंद्र लहूलुहान हालत में बेड पर पड़े थे। उनकी पत्नी भी फर्श पर लहूलुहान हालत में पड़ी थी। यह देख पड़ोसियों के पैरों तले जमीन खिसक गई। 

पुलिस सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की तलाश में जुटी

घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। वारदात की सूचना मिलते ही एसपी पूर्वी सोमेंद्र मीणा भी मौके पर पहुंचे। इसके बाद फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। घर में सामान बिखरा पड़ा था। आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने लूटपाट के बाद दंपती की हत्या की है। हालांकि अभी यह पता नहीं चल सका कि बदमाश कितनी नकदी और आभूषण लूटकर ले गए हैं। फिलहाल पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही पुलिस आसपास में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। उधर, दोहरे हत्याकांड से बाजार के व्यापारियों में रोष फैल गया। व्यापारियों ने घटना के विरोध में बाजार बंद कर दिया। 

Agra News in Hindi (आगरा समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर