आगरा में हैवानियत की हदें पार, बेटियां पैदा होने पर पत्नी को हाथ-पैर बांधकर पीटा,चीखने पर मुंह में ठूसा कपड़ा

Agra Crime: पत्नी को पति द्वारा बेल्ट से पीटने का शर्मनाक मामला सामने आया है। महिला के शरीर को गर्म तवे से भी दागा गया। वहीं चीखने पर महिला के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया गया।

Agra News
आरोपी पति ने पत्नी को तवे से जलाया, पुलिस करेगी कार्रवाई  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • आगरा में हैवानियत की हदें पार
  • तीन बेटियां पैदा होने पर पत्नी को गर्म तवे से दागा
  • महिला ने थाने में सुनाया दर्द, जल्द होगी कार्रवाई

Agra Crime: उत्तर प्रदेश के आगरा शहर में एक बहुत ही शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां एक महिला को तीन बेटियां पैदा होने पर हाथ-पैर बांधकर उसे बेल्ट से पीटा गया। यही नहीं महिला के चीखने पर मुंह में कपड़ा ठूस दिया गया। हैवान पति की दर्दनाक हरकतें बढ़ती गई और फिर उसने पत्नी के शरीर पर गर्म तवा भी लगाया। वहीं पीड़ित महिला किसी तरह बहाना बनाकर घर से निकली और जरार पुलिस चौकी पहुंच गई। यहां उसने पुलिस को आपबीती बताते हुए पति के खिलाफ कार्रवाई मांग की। पुलिस ने महिला की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।

तीन बेटियां पैदा होने पर पति ने की हदें पार

बाह क्षेत्र के गांव पार्वतीपुरा निवासी युवक विजयपाल ने अपनी पत्नी काजल के साथ हैवानियत की हदें पार कर दीं। वहीं पीड़ित महिला सुबह किसी तरह बहाने से घर से निकल गई और सीधा जरार पुलिस चौकी पहुंची। महिला ने रोते हुए पुलिस को अपनी जुल्म की दास्तां सुनाई। पीड़ित महिला ने पुलिस अधिकारियों को बताया कि, उसकी तीन बेटियां योगिता (8), ईशानी (5), भूमिका (3) हैं। पीड़िता ने बताया कि, तीन बेटियां पैदा होने पर उसके पति विजय ने तीन महीने पहले मारपीट कर घर से निकाल दिया था। 

मायके में रह रही थी काजल

बताया गया कि, काजल अपने मायके मंगदपुर में रह रही थी। वहीं बीते रविवार को उसका पति उसे लेने के लिए पहुंचा। गांव में पंचायत होने के बाद काजल को भेज दिया गया। लेकिन ससुराल पहुंचते ही उसे तीन बेटियां पैदा होने का ताना दिया। पीड़ित महिला का आरोप है कि मंगलवार रात को शराब के नशे में पहुंचे पति ने बेटियां पैदा होने का ताना देते हुए काजल के साथ मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर महिला को बेरहमी से पीटा। 

महिला के चीखने पर मुंह में ठूसा कपड़ा

इसके बाद उसे एक कमरे में बंद कर लिया और पहले बेल्ट से पीटा फिर बाद में गर्म तवे से कई जगह शरीर को दागा। महिला के चीखने पर उसके मुंह में कपड़ा ठूस दिया। वहीं सुबह होने पर महिला घर से निकलकर चौकी पहुंच गई। उधर, मायके से भाभी अंजू भी पुलिस चौकी पहुंची और कार्रवाई की गुहार लगाई। पुलिस ने काजल का अस्पताल भेजकर मेडिकल कराया। यहां से काजल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष बाह संजीव शर्मा का कहना है कि, इस मामले में आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लेगी।

Agra News in Hindi (आगरा समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर