लाइव टीवी

पूर्व क्रिकेटर चेतन चौहान का निधन, सचिन तेंदुलकर समेत कई खिलाड़ियों ने व्यक्त किया शोक

Updated Aug 16, 2020 | 19:01 IST

Chetan Chauhan death: पूर्व क्रिकेटर और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री चेतन चौहान के निधन पर कई खिलाड़ियों ने शोक व्यक्त किया है।

Loading ...
चेतन चौहान का निधन
मुख्य बातें
  • पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज चेतन चौहान का कोविड-19 से निधन
  • चेतन चौहान ने भारत के लिए 40 टेस्ट मैच खेले
  • उनके कई महत्वपूर्ण अंगों ने काम करना बंद कर दिया था

नई दिल्ली: पूर्व क्रिकेटर और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री चेतन चौहान का निधन हो गया है। वो कोरोना वायरस से संक्रमित थे और करीब 36 घंटे से वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे। शुक्रवार रात को उनके कई महत्वपूर्ण अंगों ने काम करना बंद कर दिया था। किडनी संबंधित बीमारियों के कारण उनका स्वास्थ्य बिगड़ गया जिससे उन्हें गुरूग्राम के मेंदाता अस्पताल में शिफ्ट किया गया था। चौहान को कोविड-19 पॉजिटिव पाए जाने के बाद 12 जुलाई को लखनऊ के संजय गांधी पीजीआई में भर्ती कराया गया था। उनके निधन पर क्रिकेट जगत की कई हस्तियों ने दुख जताया है और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है। 

सचिन तेंदुलकर ने ट्वीट किया, 'चेतन भाई के निधन के बारे में सुनकर दुख हुआ। उन्होंने हमेशा मुझे अपनी बात कहने के लिए प्रोत्साहित किया और भारतीय टीम के साथ अपने क्रिकेट के दिनों की ढेर सारी कहानियाँ साझा कीं। उनकी आत्मा को शांति मिले।' 

पूर्व क्रिकेटर अनिल कुंबले ने कहा, 'चेतन चौहान के निधन की खबर सुनकर दुख हुआ। ऑस्ट्रेलिया के 2007/8 के दौरे पर हमारी बातचीत याद है। उनके परिवार के प्रति हार्दिक संवेदना।'

इरफान पठान ने ट्वीट कर कहा, 'भारतीय टेस्ट खिलाड़ी चेतन चौहान जी के निधन से दुखी। उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदना।' 

वीरेंद्र सहवाग ने कहा, 'चेतन चौहान के निधन पर उनके परिवार और शुभचिंतकों के प्रति मेरी गहरी संवेदना। शांति !'

गौतम गंभीर ने कहा, 'चेतन चौहान जी के निधन के बारे में सुनकर दुख हुआ। खेल के साथ-साथ प्रशासन में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा! भगवान उनके परिवार और प्रियजनों को शक्ति दे!'

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल