लाइव टीवी

जिस पबजी के बारे में नींद में बात करते थे एमएस धोनी, अब उससे दूरी बनाना पड़ेगी

Updated Jul 28, 2020 | 13:56 IST

MS Dhoni might stop playing PUBG: पबजी पर प्रतिबंध का खतरा मंडरा रहा है। ऐसे में पूर्व भारतीय कप्‍तान एमएस धोनी को अपने चहेते बैटल रॉयल गेम को खेलना छोड़ना पड़ सकता है।

Loading ...
एमएस धोनी पबजी खेलते हुए
मुख्य बातें
  • पबजी मोबाइल भारतीय सरकार के रडार पर है और अगले कुछ दिनों में प्रतिबंधित हो सकता है
  • एमएस धोनी और अन्‍य भारतीय क्रिकेटर्स बैटल रॉयल गेम के बड़े दीवाने हैं
  • भारतीय सरकार पहले ही देश में कई चीनी मोबाइल ऐप्‍स को बैन कर चुकी है

नई दिल्‍ली: टीम इंडिया के कप्‍तान एमएस धोनी को एक साल से ज्‍यादा समय हो गया जब उन्‍होंने कोई प्रतिस्‍पर्धी मैच नहीं खेला है। मगर इस दौरान सबसे ज्‍यादा चर्चा उन्‍हीं की हुई। क्रिकेट फैंस जहां उनके संन्‍यास के बारे में बातें कर रहे हैं, वहीं आईपीएल 2020 से धोनी की वापसी तय मानी जाती रही। अब आईपीएल-13 का नया कार्यक्रम सामने आ गया है, तो 'थाला' धोनी की क्रिकेट मैदान पर वापसी भी तय मानी जा रही है।

एक तरफ जहां क्रिकेट के मैदान पर माही को भी अपनी वापसी का इंतजार होगा, वहीं उन्‍हें अपने मनपंसद खेल मोबाइल गेम पबजी से दूरी बनाना पड़ेगी। धोनी का लोकप्रिय बैटल रॉयल गेम के प्रति लगाव किसी से छुपा नहीं है। धोनी के साथ-साथ भारतीय टीम के कई क्रिकेटर्स इस खेल के दीवाने हैं। एयरपोर्ट का वेटिंग एरिया हो या फिर होटल के कमरे, क्रिकेटर्स आमतौर पर खाली जगहों पर पबजी गेम खेलते हुए देखे गए। टीम के साथियों ने भी रांची में जन्‍में क्रिकेटर का पबजी के प्रति प्‍यार कई बात बताया है।

नींद में भी पबजी की बातें

एमएस धोनी की पत्‍नी साक्षी ने हाल ही में एक इंटरव्‍यू में खुलासा किया था कि उन्‍होंने माही को नींद में भी पबजी के बारे में बातें करते हुए सुना। साक्षी ने कहा था, 'धोनी का दिमाग हमेशा कुछ न कुछ सोचता रहता है। वो उसे आराम नहीं देता। जब वो वीडियो गेम खेलता है, तो इससे उसे अपना दिमाग क्रिकेट से हटाने में मदद मिलती है, जो कि अच्‍छी चीज है। अब तो पबजी ने मेरे बिस्‍तर को घेर लिया है। माही जब नींद ले रहा होता है, तो पबजी के बारे में कभी बड़बड़ाता हुआ दिखता है।'

धोनी के कुछ फैंस ने भी इस महीने की शुरूआत में पूर्व कप्‍तान के आंकड़ें सामने रखे थे। हालांकि, यह सही जानकारी है या नहीं कहना मुश्किल है कि धोनी के आंकड़ों का स्‍क्रीनग्रेब ही है। मगर फोटो के मुताबिक 39 साल के धोनी ने 400 से ज्‍यादा मुकाबले खेले हैं। 

तोड़ना पड़ेगा नाता

धोनी के पबजी के साथ बिताए दिन का अंत नजदीक हो सकता है क्‍योंकि भारतीय सरकार कई नई चीनी मोबाइल ऐप्‍स पर प्रतिबंध लगाने का विचार कर रही हैं। इनमें से एक पबजी भी है। जून में भारतीय सरकार ने 59 चीनी ऐप्‍स पर बैन लगाया था। अब नई खबर आई है कि 47 और चीनी ऐप्‍स को बैन किया जाएगा। रिपोर्ट के मुताबिक राष्‍ट्रीय सुरक्षा और यूजर प्राइवेसी के उल्‍लंघन के कारण कुल 275 चीनी ऐप्‍स सरकार के रडार पर हैं। हालांकि, अब तक कोई एक्‍शन लिया नहीं गया है, लेकिन इन ऐप्‍स पर प्रतिबंध लगाने के लिए जांच व विचार-विमर्श जारी हैं।

पबजी को भारत में बहुत यूजर मिले, जिसे चीनी की टेनसेंट कंपनी से समर्थन मिला। अगर भारतीय सरकार द्वारा गेम को प्रतिबंधित किया जाता है, तो धोनी को अपने सबसे पसंदीदा खेल से दूरी बनाना पड़ेगी। धोनी ही क्‍या विराट कोहली, केएल राहुल, मनीष पांडे आदि इस खेल के बड़े दीवाने हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल