लाइव टीवी

6 गेंदों में 2 रन चाहिए थे, बैंगलोर ने मान ली थी हार..और फिर इस तरह अंतिम गेंद तक पहुंच गया रोमांच

Updated Oct 16, 2020 | 01:02 IST

KXIP vs RCB Last over thriller: किंग्स इलेवन पंजाब ने गुरुवार रात शारजाह में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को 8 विकेट से करारी मात तो दी लेकिन ये एक शर्मनाक हार में बदलती-बदलती रह गई। आखिरी ओवर में हुआ जबरदस्त रोमांच।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
किंग्स इलेवन पंजाब ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को अंतिम गेंद पर हराया (KXIP)
मुख्य बातें
  • आईपीएल 2020, बैंगलोर बनाम पंजाब, शारजाह
  • क्रिस गेल और केएल राहुल ने खेैली धमाकेदार पारियां लेकिन अंतिम ओवर तक चला गया मैच
  • अंतिम गेंद पर मैच पहुंचा, पूरे मैदान पर हंस रहे थे बैंगलोर के खिलाड़ी

नई दिल्लीः क्रिकेट में कब क्या हो जाए ये किसी को पता नहीं होता और आईपीएल इसकी सबसे बड़ी मिसाल है। यहां आए दिन कुछ ना कुछ रोमांचक होता रहता है और गुरुवार रात भी कुछ ऐसा ही हुआ। एक सामान्य सा मुकाबला अचानक कुछ मिनटों में कैसे एक रोमांचक मुकाबले में तब्दील हो गया किसी को पता भी नहीं चला। सिर्फ दर्शक ही नहीं मैदान पर फील्डिंग कर रहे खिलाड़ियों और विरोधी कप्तान को भी भरोसा नहीं हो रहा था। बढ़ती धड़कनों के बीच किसी तरह अंतिम गेंद पर किंग्स इलेवन पंजाब ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को हराया लेकिन ये मैच सभी टीमों को सीख दे गया।

दरअसल, इस मैच में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। स्टार बल्लेबाजों से सजी इस टीम से शारजाह के छोटे मैदान पर बहुत बड़े स्कोर की उम्मीद थी क्योंकि वे अंक तालिका के आखिरी नंबर की टीम से खेल रहे थे लेकिन वे 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 171 रन तक ही पहुंच सके जिसमें 48 रन कप्तान विराट कोहली के थे। अब पंजाब के सामने 172 रनों का लक्ष्य था।

गेल और राहुल के बल्ले गरज उठे

मैच में क्रिस गेल की मैदान पर वापसी हुई थी और इस सीजन का ये उनका पहला मैच था। पहले मयंक अग्रवाल (45) और कप्तान केएल राहुल की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 78 रन जोड़े। उसके बाद मयंक आउट हुए और क्रिस गेल मैदान पर आए। राहुल और गेल, दोनों ने थोड़ी देर बाद धुआंधार बल्लेबाजी शुरू कर दी और दोनों के अर्धशतक भी पूरे हो चुके थे। छक्के-चौके जड़ते-जड़ते दोनों बल्लेबाज अंतिम ओवर तक जा पहुंचे और अब पंजाब को सिर्फ 2 रनों की जरूरत थी।

अंतिम ओवर का पूरा हाल

आखिरी ओवर में क्रिस गेल 42 गेंदों पर 52 रन बनाकर खेल रहे थे और केएल राहुल 47 गेंदों पर 61 रन बनाकर जमे हुए थे। गेंदबाजी कर रहे थे भारतीय स्पिनर युजवेंद्र चहल। और उसके बाद जो हुआ वो बेहद दिलचस्प रहा, ये है उस आखिरी ओवर का पूरा हाल..

  • पहली गेंद - चहल की पहली गेंद पर क्रिस गेल ने कोई रन नहीं लिया। अब 5 गेंदों में 2 रन चाहिए।
  • दूसरी गेंद - इस बार चहल ने ऑफ स्टंप के बाहर हवा में लहराती गेंद फेंकी और गेल ने इसको खेलना सही नहीं समझा। कोई रन नहीं। ्अब 4 गेंदों में 2 रन चाहिए।
  • तीसरी गेंद - युजवेंद्र चहल ने एक बार फिर फ्लाइटेड गेंद फेंकी और गेल ने स्वीप लगाते हुए मिडविकेट में शॉट खेला जहां देवदत्त पडिक्कल ने शानदार फील्डिंग करते हुए उन्हें एक रन से ज्यादा नहीं लेने दिया। स्कोर बराबर हो गए। अब पंजाब को 3 गेंदों में 1 रन चाहिए था। सभी फील्डर पिच के करीब आ गए।
  • चौथी गेंद - इस गेंद पर राहुल ने बैकफुट पोइंट दिशा में शॉट खेलना चाहा लेकिन वहां वो कैच होते बाल-बाल बचे। कोई रन नहीं आया। अब भी 2 गेंदों पर 1 रन चाहिए था। अब धड़कनें बढ़ चुकी थीं, बैंगलोर के सभी खिलाड़ी हंसते नजर आ रहे थे, कप्तान विराट कोहली भी।
  • पांचवीं गेंद - इस बॉल पर जीत के लिए बेचैन दिख रहे राहुल ने कवर दिशा में शॉट खेलकर तुरंत दौड़ लगा दी लेकिन फील्डर ने शानदार फील्डिंग करते हुए गेंद क्रिस गेल के विकेटकीपिंग छोर पर फेंकी क्योंकि वो दोनों में धीमे खिलाड़ी थे और एबी ने उनको रन आउट कर दिया। किसी को भरोसा नहीं हो रहा था। गेल पवेलियन लौट गए। अब जीत के लिए 1 गेंद पर 1 रन चाहिए था।
  • छठी गेंद - एक कैरेबियाई खिलाड़ी आउट हुआ, दूसरा पिच पर आया। निकोलस पूरन ने मोर्चा संभाला और कई शानदार पारियां खेल चुके इस बल्लेबाज ने चहल की गेंद को जमीन पर पड़ने ही नहीं दिया। वो आगे बढ़े और इसे फुल टॉस बनाकर लॉन्ग ऑन दिशा में छक्का जड़कर अपनी टीम को 8 विकेट से रोमांचक जीत दिला दी।

मैदान पर लोकेश राहुल शांत बैठे हुए थे और बैंगलोर के खिलाफ हार के बावजूद हंसते नजर आ रहे थे क्योंकि वे जानते थे कि इस मैच को वो काफी पहले हार चुके थे, और अंतिम गेंद तक मैच को लेकर आना ही उनकी बड़ी सफलता थी।

इससे पहले भी किंग्स इलेवन पंजाब के साथ ऐसा ही कुछ हुआ था जब अंतिम गेंद पर उनकी टीम को 6 रन की जरूरत थी और ग्लेन मैक्सवेल ने छक्के के लिए शॉट जड़ा लेकिन गेंद बाउंड्री से सिर्फ कुछ इंच पीछे गिरी। रीप्ले देखा गया और उसे चौका करार दिया गया, वे 1 रन से हार गए। ये मुकाबले सभी टीमों के लिए सीख है कि यहां अंतिम समय तक कुछ भी हो सकता है इसलिए हमेशा कमर कसते हुए मैदान पर चौंकन्ने रहें।

Times Now Navbharat पर पढ़ें IPL 2022 News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।