लाइव टीवी

पुलिस के होटल पहुंचने से पहले फरार हुआ विकास दुबे! फरीदाबाद में दो लोग गिरफ्तार

Updated Jul 08, 2020 | 07:03 IST

Vikas Dubey Updates : हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे पुलिस के हत्थे चढ़ने से बच गया है। मंगलवार को फरीदाबाद के एक होटल में उसके छिपे होने की खबर मिली। इसके बाद पुलिस की टीमें वहां पहुंचीं।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspANI
फरीदाबाद के होटल में छिपा था विकास दुबे।
मुख्य बातें
  • कानपुर के बिकरू गांव में गुरुवारत रात घात लगाकर विकास दुबे ने पुलिस टीम पर हमला किया
  • इस हमले में आठ पुलिसकर्मियों की मौत हुई, घटना के बाद से फरार है हिस्ट्रशीटर विकास दुबे
  • विकास के बारे में सुराग पाने के लिए पुलिस ने उसके सिर पर ढाई लाख रुपए का इनाम रखा है

फरीदाबाद : कानपुर के बिकरू गांव में आठ पुलिसकर्मियों की निर्मम हत्या करने वाला हिस्ट्रशीटर विकास दुबे पुलिस के हत्थे चढ़ने से बच गया। दरअसल, पुलिस को इस बात की सूचना मिली की विकास अपने गुर्गों के साथ फरीदाबाद के एक होटल में छिपा है। इसके बाद पुलिस की कई टीमें सादे कपड़ों में वहां पहुंचीं लेकिन वह होटल से फरार हो चुका था। पुलिस ने होटल से दो लोगों को गिरफ्तार किया है और उनसे बिकरू गांव की घटना के बारे में पूछताछ कर रही है। गुरुवार की रात की घटना के बाद से विकास अपने गुर्गों के साथ फरार है। उसे पकड़ने के लिए 40 पुलिस थानों की 25 टीमें लगातार छापे मार रही हैं।

सादे कपड़ों में पुलिस ने मारा छापा
बताया जा रहा है कि पुलिस को सूचना मिली कि विकास दुबे फरीदाबाद के समीप एक होटल में अपने साथियों के साथ छिपा हुआ है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक सूचना मिलने पर यूपी पुलिस के करीब 30 से 35 पुलिसकर्मियों ने मंगलवार शाम सादे कपड़ों में होटल में रेड डाला लेकिन विकास वहां नहीं मिला। पुलिस ने होटल मालिक से विकास दुबे के बारे में पूछताछ की। 

सीसीटीवी फुटेज में दिखने वाला व्यक्ति विकास जैसा
पुलिस ने होटल मालिक को रिसेप्शन पर लगे सीसीटीवी की फुटेज दिखाई जिसमें विकास दुबे जैसा व्यक्ति मास्क लगाकर खड़ा है। होटल मालिक ने बताया कि यह फुटेज उसके रिसेप्शन का है और इसमें दिख रहा व्यक्ति यहां आया था। पुलिस ने विकास दुबे के बारे में और जानकारी हासिल करने के लिए होटल की डेली बिजनेस रिपोर्ट (डीबीआर) कथित रूप से जब्त कर ली है। 

विकास का रिश्तेदार हिरासत में
इस बीच यूपी एसटीएफ ने कानपुर में विकास दुबे के एक रिश्तेदार को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। अपर पुलिस अधीक्षक प्रतिमा मैथ्यू ने बताया, 'यूपी एसटीएफ की टीम राजू निगम की तलाश में आई थी। निगम रिश्ते में विकास का साला लगता है। टीम पूछताछ के लिए उसके बेटे को लेकर गई है। आज निगम और उसकी पत्नी हमारे पास आए और पुलिस जांच में सहयोग करने की बात कही।' 

पुलिस को छका रहा विकास
विकास के बारे में जानकारी पाने के लिए पुलिस ने उसके सिर पर ढाई लाख रुपए का इनाम घोषित किया है। पुलिस को आशंका है कि विकास नेपाल भाग सकता है। इसे देखते हुए नेपाल से सटे जिलों एवं अन्य टोल प्लॉजा पर उसकी तस्वीरें चस्पा की गई हैं। विकास को दबोचने के लिए पुलिस अलग-अलग जगहों पर लगातार दबिश दे रही है लेकिन अभी तक उसे सफलता नहीं मिली है।