लाइव टीवी

UP: लखीमपुर खीरी में 17 साल की लड़की की रेप के बाद बेरहमी से हत्या

Updated Aug 26, 2020 | 15:54 IST

Lakhimpur Kheri Rape Murder: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी के एक गांव के पास 18 साल की एक लड़की का बलात्कार करने के बाद हत्या कर दी गई। उसका शव बुरी हालत में पुलिस को मिला।

Loading ...

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के निमगुन इलाके में एक 17 साल की लड़की के साथ कथित रूप से बलात्कार किया गया और फिर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। पीड़िता की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बलात्कार की पुष्टि हुई है और मामले की जांच के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है। उसका शव बुरी हालत में पुलिस को मिला। 

न्यूज एजेंसी ANI से बात करते हुए लखीमपुर खीरी के पुलिस अधीक्षक (SSP) सत्येंद्र कुमार ने कहा, 'पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बलात्कार की पुष्टि हुई है। मामले की जांच के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है। हमें कुछ इनपुट मिले हैं। जांच चल रही है।' पुलिस ने शुरू में कहा था कि लड़की की धारदार हथियार से हत्या की गई है और उसकी गर्दन पर चोट के निशान हैं। शव उसके गांव से करीब 200 मीटर दूर एक सूखे हुए तालाब के पास मिला था।

मृतका के रिश्तेदारों के अनुसार, वह छात्रवृत्ति फार्म भरने के लिए पड़ोसी शहर जाने के लिए सोमवार को घर से निकल गई थी। हालांकि, जब वह वापस नहीं लौटी, तो परिवार ने पुलिस को सूचित किया।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से घटना का संज्ञान लेने का आग्रह किया है। प्रियंका ने ट्वीट किया, 'महामहिम, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल, उत्तर प्रदेश में महिला सुरक्षा की स्थिति बहुत खराब है। लखीमपुर की एक लड़की ऑनलाइन फॉर्म भरने जा रही थी, उसके साथ बलात्कार किया गया और बेरहमी से उसकी हत्या कर दी गई। ऐसी घटनाएं उत्तर प्रदेश में रोजाना हो रही हैं। आशा है कि आप इसकी गंभीरता को समझेंगी और इसे ध्यान में रखेंगी।'

पिछले 10 दिनों में इस जिले में किसी लड़की के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या का ये दूसरा मामला है। इससे पहले, 15 अगस्त को 13 साल की एक लड़की के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या कर दी गई थी। उसका शव गन्ने के खेत में मिला था। यह खेत आरोपियों में से एक का था। उसके गांव के दो लोगों को गिरफ्तार किया गया।