लाइव टीवी

Faridabad News: हत्या आरोपित 21 साल बाद गिरफ्तार, पूर्व मंत्री के कर्मचारी पर किया था हमला, पत्‍नी अभी भी फरार

Updated Jul 20, 2022 | 14:02 IST

Faridabad News: पूर्व मंत्री शारदा रानी के फार्म हाउस में कर्मचारियों से मारपीट कर एक कर्मचारी को गोली मारने के आरोपी को पुलिस ने 21 साल बाद गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में गिरफ्तार आरोपी व उसकी पत्‍नी समेत सात लोग आरोपी थे। आरोपी की पत्‍नी अभी भी फरार है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspRepresentative Image
21 साल से फरार हत्‍यारोपी गिरफ्तार
मुख्य बातें
  • आरोपी ने वर्ष 1995 में एक व्‍यक्ति को मारी थी गोली
  • आरोपी की पत्‍नी भी इस मामले में आरोपी, अभी है फरार
  • जेल से जमानत पर आने के बाद दोनों हो गए थे फरार

Faridabad News: फरीदाबाद पुलिस ने एक ऐसे अपराधी को दबोचने में सफलता प्राप्‍त की है, जो पिछले 21 सालों से अपनी प‍त्‍नी समेत फरार था। आरोपी पर हत्‍या, हत्या के प्रयास व अवैध हथियार रखने के मामले दर्ज हैं। आरोपी को पीओ स्टाफ को सेक्टर-14 की टीम ने बल्लभगढ़ त्रिखा कालोनी से गिरफ्तार किया। वहीं इसी मामले में आरोपी पत्‍नी अभी भी फरार है। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ कर उसे जेल भेज दिया है।

सेक्टर-14 थाना प्रभारी जगवीर सिंह ने आरोपित के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी का नाम सुभाष है वह त्रिखा कालोनी में रहता था। जिस मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया गया, उस मामले में यह पत्‍नी समेत जेल जा चुका है, लेकिन जेल से जमानत पर आने के बाद वह और उसकी पत्‍नी फरार हो गए थे। तभी से ये दोनों भगौड़े चल रहे थे। कुछ दिन पहले वह अपने घर आया था, इसकी जानकारी मिलते ही उसे दबोच लिया गया। अब आरोपी पत्‍नी की तलाश की जा रही है। जल्‍द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पूर्व मंत्री शारदा रानी के कर्मचारी पर किया था हमला

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार आरोपी ने थाना छांयसा क्षेत्र में वर्ष 1995 में पूर्व मंत्री शारदा रानी के फार्म हाउस में काम कर रहे कर्मचारियों से मारपीट करने के अलावा एक कर्मचारी को गोली मार दी थी। इस मामले में थाना छांयसा में आरोपित, उसकी पत्नी अंगूरी व पांच अन्‍य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया था। कुछ माह बाद जमानत पर जेल से बाहर आने के बाद आरोपित व उसकी पत्नी फरार हो गए। जिसके बाद अदालत ने वर्ष 2006 में दोनों आरोपितों को भगोड़ा घोषित कर दिया था। दोनों अपना घर छोड़ कर किसी अन्‍य प्रदेश चले गए थे। जहां से 21 साल बाद आरोपी अपने घर आया था। इसकी जानकारी मिलते ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपित को पूछताछ के बाद पुलिस ने अदालत में पेश किया है, जहां से उसे नीमका जेल भेज दिया गया।