लाइव टीवी

बारिश में मछलियां खाना बन जाता है जहर, इंफेक्शन और फूड पॉयजनिंग के अलावा हो सकती है मौत 

Updated Jul 20, 2019 | 00:01 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

मछली खाना अच्छा है, लेकिन बरसात में इसे खाने से बचना चाहिए। ऐसा इसलिए क्योंकि इस सीजन में मछलियों को खाना सेहत के लिए खतरा पैदा कर देता है और कई तरह के संक्रमण होने का डर रहता है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspGetty Images
fish
मुख्य बातें
  • मानसून में मछलियां हो जाती हैं संक्रमित
  • गंदे पानी की मछली से हो सकता है टायफाइड
  • मछली के अंडे खाना हो सकता है नुकसानदेह

मानसून में जिस तरह कच्ची और पत्तेदार सब्जियों को ज्यादा खाने से बचने की सलाह दी जाती है ठीक उसी तरह मछली खाने से भी दूर रहना चाहिए। मछली आम दिनों में खाना तो सेहत के लिए फायदेमंद मानी जाती है, लेकिन मानसूनी सीजन में इसे खाने से सेहत को फायदे की जगह नुकसान ज्यादा होता है। नुकसान कई बार सेहत के लिए बेहद खतरनाक साबित हो जाता है।

मानसून में मछली खाना पेट में इंफेक्शन, फूड पॉयजनिंग, कालरा, टायफाइड और ढेर सारी बीमारियों के खतरे की वजह बन सकता है। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि बारिश के मौसम में सीवर, नाले आदि का पानी नदियों, तालाबों और समुद्र मे जा कर मिल जाता है इससे पानी इंफेक्टेड हो जाता है और इस पानी में रहने वाली मछलियां भी तमाम तरह के बैक्टीरिया और वायरस से अफेक्टेड हो जाती हैं। यदि ऐसी मछलियां खा ली जाएं तो इंफेक्शन का खतरा बढ़ जाता है। तो आइए जानते हैं कि क्या-क्या खतरे हो सकते हैं बारिश में मछली खाने से और क्यों।


कमजोर हो जाता है पाचन
बारिश के समय पाचन शक्ति कमजोर हो जाती है और बैक्टीरियल इंफेक्शन का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में अगर ज्यादा गरिष्ठ खाना खाया जाए या ऐसा खाना खाया जाए जो सेहत के लिए नुकसानदायक हो तो पाचन क्षमता का बिगड़ना तय है। बारिश में तालाब और नदियों में पानी बेहद गंदा होता है और मछलियां इसी पानी में रहती हैं। ऐसे में मछलियां भी संक्रमित हो जाती है और इन्हें खाने से हम भी। यही कारण है कि फू़ड पॉयजनिंग का खतरा बढ़ जाता है। संक्रमित मछलियां खाने से कालरा, डायरिया, पीलिया ओर टायफाइड तक का खतरा बढ़ जाता है।

मछलियों के अंडे हो सकते हैं खतरनाक
मानसून सीजन मछलियों के प्रजनन का समय होता है। इस समय इनके अंडे बेहद इंफैक्टेड होते हें। अगर इनके अंडे को खा लिया जाए तो गंभीर इंफेक्शन का खतरा बन जाता है। कई बार फूड पॉयजनिगं इतनी खतरनाक होती है कि इससे जान भी जा सकती है। इसके साथ ही पेट दर्द, दस्त, उल्टी की समस्या भी हो सकती है।

पुरानी मछली हो सकती है खतरनाक
बारिश में मछली पकड़ने पर स्वास्थ्य विभाग रोक लगा देता है क्योंकि गंदे पानी के कारण बीमारियों का खतरा बढ़ता है। ऐसे में बाजार में इन दिनों जो मछलियां आती हैं वह कोल्ड स्टोर वाली होती हैं। ज्यादा पुरानी मछली खाना सेहत के लिए नुकसानदेह हो जाती है।

तो याद रखें मछली को बरसात के समय जितना हो सके खाने से बचें क्योंकि ये आपके सेहत के लिए नुकानदेह हो सकती हैं।

डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता।