लाइव टीवी

बनाने के क‍ितनी देर बाद खाना हो जाता है बासी, जानें बासी खाने को लेकर क्‍या हैं आयुर्वेद के न‍ियम

Updated Oct 26, 2021 | 18:11 IST

बासी भोजन का ना केवल स्वाद बिगड़ जाता है बल्कि यह सेहत के लिए भी काफी नुकसानदायक होता है। यह पाचनतंत्र संबंधी कई अन्य गंभीर बीमारियों को दावत देता है।

Loading ...
Representative Image (Image- iStock)
मुख्य बातें
  • भूलकर भी ना खाएं बासी खाना वर्ना हो सकते हैं गंभीर बीमारियों के शिकार।
  • आयुर्वेद के अनुसार 24 घंटे से ज्यादा समय तक रखा हुआ भोजन करने से पाचन संबंधी समस्याएं हो सकती हैं।
  • मीट या डेयरी प्रोडक्ट्स को दोबारा गर्म करके खाना जहर के समान है।

समय की कमी और व्यस्तता के कारण अक्सर लोग जरूरत से ज्यादा खाना बना लेते हैं और फ्रिज में रख देते हैं ताकि बार-बार खाना ना बनाना पड़े और समय की बचत हो। लेकिन क्या आप जानते हैं कि बचे हुए भोजन को ज्यादा देर तक रखने से वो बासी हो जाता है। बासी भोजन का ना केवल स्वाद बिगड़ जाता है बल्कि यह सेहत के लिए भी काफी नुकसानदायक होता है।

यह पाचन संबंधी समस्याओं के साथ स्वास्थ्य संबंधी कई अन्य गंभीर बीमारियों को भी दावत देता है। साथ ही आपके वजन में तेजी से वृद्धि भी हो सकती है। ऐसे में इस लेख के माध्यम से हम आपको आयुर्वेद के अनुसार बताएंगे कि क्या बासी भोजन खाना सही है? या भोजन बनने के बाद कितनी देर तक उसे बाहर रखने से वो बासी हो जाता है। आइए जानते हैं इन सभी सवालों के जवाब।

क्या कहता है आयुर्वेद

हाल ही में आयुर्वेदाचार्य वरलक्ष्मी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा है कि 24 घंटे से ज्यादा समय तक रखा हुआ भोजन करने से पाचन संबंधी समस्याएं हो सकती हैं। तथा यह उल्टी, दस्त और डायरिया जैसी बीमारियों का कारण भी बन सकता है। आयुर्वेद का कहना है कि आपको हमेशा ताजा बना हुआ भोजन करना चाहिए।

बन सकता है फूड पॉइजनिंग का कारण

आयुर्वेद के अनुसार खाना बनने के बाद यदि दो घंटे के भीतर इसे फ्रिज में ना रखा जाए तो उसमें बैक्टीरिया पनपने की संभावना बढ़ सकती है। वहीं यदि आप इसे काफी लंबे समय तक फ्रिज में या फ्रिज के बाहर रखते हैं तो यह फूड पॉइजनिंग का कारण भी बन सकता है।

माइक्रो वेव में ना करें खाना गर्म

आजकल लोग रात के बचे हुए खाने को माइक्रोवेव में गर्म करके भी खाते हैं। लेकिन आपको बता दें माइक्रोवेव में गर्म करने से खाने के सभी पौष्टिक तत्व नष्ट हो जाते हैं और कई बार यह फूड प्वाइजनिंग का कारण भी बन जाता है।

इन बातों का रखें ध्यान

विशेषज्ञों के मुताबिक यदि समय की कमी या व्यस्तता के कारण आप ताजा भोजन नहीं बना सकते, तो आपको खाना पकाने के बाद 90 मिनट के अंदर इसे फ्रिज में स्टोर कर देना चाहिए। साथ ही बचे हुए भोजन को बार-बार गर्म नहीं करना चाहिए क्योंकि इससे खाने के सभी पौष्टिक तत्व नष्ट हो जाते हैं।

मीट या डेयरी प्रोडक्ट्स को ना करें बार बार गर्म

विशेषज्ञों के अनुसार मीट या डेयरी प्रोडक्ट्स को दोबारा गर्म करके नहीं खाना चाहिए। क्योंकि इसमें भरपूर मात्रा प्रोटीन पाया जाता है। ऐसे में बार बार गर्म करने पर यह टॉक्सिक बन जाता है जो पेट संबंधी गंभीर बीमारियों को दावत देता है।

(Disclaimer: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।)