लाइव टीवी

क्या पक्ष, क्या विपक्ष, अहमद पटेल का निधन से सभी हैं दुखी, पीएम मोदी, अमित शाह समेत सब ने जताया शोक

Updated Nov 25, 2020 | 11:27 IST

कांग्रेस के संकटमोचक अहमद पटेल के निधन से पक्ष और विपक्ष में शोक की लहर है। पीएम मोदी, अमित शाह समेत सभी ने दुख जताया है।

Loading ...
अहमद पटेल के निधन से राजनीतिक जगत में शोक की लहर
मुख्य बातें
  • कांग्रेस के संकटमोचक अहमद पटेल का 71 साल की उम्र में निधन हो गया
  • कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के राजनीतिक सलाहकार और पार्टी के कोषाध्यक्ष थे
  • पटेल 1993 से पांच बार लगातार राज्यसभा के सदस्य थे। इससे पहले वह 1977, 1980 और 1984 में लगातार तीन बार गुजरात की भरूच से लोकसभा सीट से सांसद बने

कांग्रेस के सीनियर नेता अहमद पटेल का बुधवार (25 नवंबर) को तड़के गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। वह 71 वर्ष के थे और कुछ हफ्ते पहले कोरोना वायरस से संक्रमित हुए थे। वे कांग्रेस के संकटमोचक के रूप में भी जाने जाते थे। पटेल वर्तमान में कांग्रेस के कोषाध्यक्ष और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के राजनीतिक सलाहकार थे। पटेल 1993 से पांच बार लगातार गुजरात से राज्यसभा के सदस्य थे। इससे पहले वह 1977, 1980 और 1984 में लगातार तीन बार गुजरात की भरूच से लोकसभा सीट से सांसद बने। उन्हें पक्ष और विपक्ष के सभी नेता सम्मान देते थे। इसलिए उनके निधन से सभी दुखी हैं। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति वैंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह,  कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा समेत सभी ने दुख जताया।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल के निधन पर बुधवार को शोक व्यक्त किया और कहा कि उनके सौम्य और मिलनसार व्यक्तित्व के चलते हर राजनीतिक दल में उनके मित्र थे। कोविंद ने ट्वीट किया कि कांग्रेस नेता अहमद पटेल के निधन की सूचना से व्यथित हूं। वह एक दक्ष सांसद थे जिनके पास रणनीतिक कौशल के साथ-साथ जन नेता का आकर्षण था। उनका सौम्य और मिलनसार व्यक्तित्व ही था जिसकी वजह से हर राजनीतिक दल में उनके मित्र थे। उनके परिजनों और मित्रों के प्रति मेरी संवेदनाएं।

उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू

उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल के निधन पर बुधवार को शोक जताया और कहा कि वह एक काबिल सांसद थे और सभी दलों के नेताओं के साथ उनके सौहार्दपूर्ण संबंध थे। उपराष्ट्रपति सचिवालय ने नायडू के हवाले से ट्वीट किया कि राज्य सभा के सदस्य श्री अहमद पटेल जी के निधन का समाचार पा कर स्तब्ध हूं। वरिष्ठ सांसद श्री पटेल अपने संसदीय अनुभव, सद्भाव और सौहार्दपूर्ण संबंधों के लिए जाने जाते थे। ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को शांति तथा उनके परिजनों को धैर्य प्रदान करें।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल के निधन पर बुधवार को शोक व्यक्त किया और कहा कि कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने में उनकी भूमिका को हमेशा याद रखा जाएगा। मोदी ने ट्वीट किया कि अहमद पटेल जी के निधन से व्यथित हूं। उन्होंने सार्वजनिक जीवन में एक लंबा समय बिताया और जन सेवा की। तेज दिमाग के लिए अपनी विशेष पहचान रखने वाले पटेल ने कांग्रेस को मजबूत बनाने में जो भूमिका निभाई उसे हमेशा याद रखा जाएगा। उनके पुत्र फैसल से बात की और अपनी संवेदनाएं प्रकट की। अहमद भाई की आत्मा को शांति मिले।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल के निधन पर बुधवार को शोक व्यक्त किया और कहा कि कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने के साथ ही सार्वजनिक जीवन में भी उन्होंने बड़ा योगदान दिया। शाह ने ट्वीट किया कि कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल जी के निधन की सूचना अत्यंत दुःखद है। अहमद पटेल जी का कांग्रेस पार्टी और सार्वजनिक जीवन में बड़ा योगदान रहा। मैं दुःख की इस घड़ी में उनके परिजनों और समर्थकों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।

भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा 

भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल के निधन पर बुधवार को शोक व्यक्त किया और उनके परिजनों तथा समर्थकों के प्रति संवेदना व्यक्त की। नड्डा ने ट्वीट किया कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता अहमद पटेल जी के निधन से गहरी पीड़ा हुई है। दुख की इस घड़ी में मैं कामना करता हूं कि ईश्वर उनके परिवार के सदस्यों और समर्थकों को पीड़ा सहन करने की शक्ति दें। 

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी 

सोनिया ने कहा कि पटेल एक ऐसे कामरेड, निष्ठावान सहयोगी और मित्र थे जिनकी जगह कोई नहीं ले सकता। उन्होंने एक शोक संदेश में कहा कि श्री अहमद पटेल के जाने से मैंने एक ऐसा सहयोगी खो दिया है जिनका पूरा जीवन कांग्रेस पार्टी को समर्पित था। उनकी निष्ठा और समर्पण, अपने कर्तव्य के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, मदद के लिए हमेशा मौजूद रहना और उनकी शालीनता कुछ ऐसी खूबियां थीं, जो उन्हें दूसरों से अलग बनाती थीं। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मैंने ऐसा कॉमरेड, निष्ठावान सहयोगी और मित्र खो दिया जिनकी जगह कोई नहीं ले सकता। मैं उनके निधन पर शोक प्रकट करती हूं और उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करती हूं।

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी 

राहुल गांधी ने अहमद पटेल के निधन पर दुख प्रकट करते हुए बुधवार को कहा कि पटेल एक ऐसे स्तंभ थे जो सबसे मुश्किल दौर में भी पार्टी के साथ खड़े रहे। पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने दुख जताते हुए कहा कि पटेल की कांग्रेस के प्रति प्रतिबद्धता और सेवा असीमित थी। राहुल गांधी ने ट्वीट किया कि यह दुख का दिन है। श्री अहमद पटेल कांग्रेस पार्टी के स्तंभ थे। उन्होंने कांग्रेस को जिया और सबसे मुश्किल दौरे में पार्टी के साथ खड़े रहे। वह बहुत बड़ी पूंजी थे। उन्होंने कहा कि हम उनकी कमी महसूस करेंगे। फैसल, मुमताज और परिवार के प्रति मेरा स्नेह और संवेदना है।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी

प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया कि अहमद पटेल जी के पूरे परिवार खासकर मुमताज और फैसल के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। कांग्रेस पार्टी के प्रति आपके पिता की सेवा और प्रतिबद्धता असीमित थी। हम सभी उनकी कमी बहुत महसूस करेंगे। उन्होंने कहा कि मैं प्रार्थना करती हूं कि आप लोगों को यह दुख सहन करने की शक्ति मिले।

गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी

गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी समेत वरिष्ठ नेताओं ने बुधवार को कांग्रेस नेता और राज्यसभा सदस्य अहमद पटेल के निधन पर शोक व्यक्त किया।
उन्होंने कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने में पटेल के योगदान की सराहना की। रुपाणी ने ट्वीट किया कि कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने में उनके योगदान और सामाजिक कार्यों को हमेशा याद किया जाएगा। मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे और दुख की इस घड़ी में उनके परिजनों को शक्ति दे।

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट किया कि दिग्गज कांग्रेस नेता और मित्र अहमद पटेल जी के निधन से स्तब्ध और दुखी हूं। यह कांग्रेस और मेरे जैसे पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं के लिए बहुत बड़ी क्षति है। पार्टी के लिए उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।

पुडुचेरी के मुख्यमंत्री वी नारायणसामी

पुडुचेरी के मुख्यमंत्री वी. नारायणसामी ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल के निधन पर बुधवार को शोक जताया। मुख्यमंत्री ने शोक संदेश में कहा कि अहमद पटेल कांग्रेस पार्टी के एक स्तंभ थे। पार्टी और कांग्रेस नेतृत्व को यह एक बड़ी क्षति है। इस रिक्तता को कोई भर नहीं सकता। उन्होंने कहा कि मैंने अपना भाई खो दिया। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल

दिल्ली के मुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल के निधन पर बुधवार को शोक व्यक्त करते हुए उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की। केजरीवाल ने ट्वीट किया कि अहमद पटेल जी के निधन की खबर सुन स्तब्ध हूं। उनके परिवार, दोस्तों और समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।

पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह 

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने कहा कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता और मित्र अहमद पटेल जी के निधन से स्तब्ध और दुखी हूं। वह समर्पित कार्यकर्ता, हमारी पार्टी की मजबूत धुरी थे और उन्होंने मुश्किल समय में पार्टी को आगे बढ़ाया। उनके परिवार, मित्रों और कार्यकर्ताओं के प्रति मेरी संवेदना है। हम उनकी कमी महसूस करेंगे।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ट्वीट किया कि कांग्रेस विचारधारा के प्रति दृढ़ संकल्पित, जुझारू योद्धा, पार्टी के अनमोल रत्न अहमद भाई पटेल जी के निधन का समाचार हम सबके लिए स्तब्ध कर देने वाला है। उनका जाना कांग्रेस पार्टी और गुजरात के साथ ही पूरे देश के लिए भी अपूर्णीय क्षति है। ईश्वर परिवार को संबल प्रदान करे।

कांग्रेस के दिग्गज नेता एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह

कांग्रेस के दिग्गज नेता एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने पार्टी के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए बुधवार को कहा कि वह सभी कांग्रेसियों के लिए हर राजनैतिक मर्ज़ की दवा थे। दिग्विजय ने ट्वीट किया कि अहमद पटेल नहीं रहे। एक अभिन्न मित्र, विश्वसनीय साथी चला गया। हम दोनों सन 1977 से साथ रहे। वे लोकसभा में पहुँचे, मैं विधान सभा में। हम सभी कांग्रेसियों के लिए वे हर राजनैतिक मर्ज़ की दवा थे। मृदुभाषी, व्यवहार कुशल और सदैव मुस्कुराते रहना उनकी पहचान थी। उन्होंने कहा कि कोई भी कितना ही गुस्सा हो जाए, उनमें यह क्षमता थी कि वे उसे संतुष्ट करके ही भेजते थे। मीडिया से दूर, पर कांग्रेस के हर फैसले में शामिल। कड़वी बात भी बेहद मीठे शब्दों में कहना उनसे सीख सकता था। कांग्रेस पार्टी उनका योगदान कभी भी नहीं भुला सकती। अहमद भाई अमर रहें। दिग्विजय ने आगे लिखा अहमद भाई बहुत ही धार्मिक व्यक्ति थे और कहीं पर भी रहें, नमाज़ पढ़ने से कभी नहीं चूकते थे। आज देवउठनी एकादशी भी है जिसका सनातन धर्म में बहुत महत्व है। अल्ला उन्हें जन्नतउल फ़िरदौस में आला मक़ाम अता फ़रमाएं। आमीन।

गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री शंकर सिंह वाघेला

गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री शंकर सिंह वाघेला ने पटेल कोबुद्धिमान और दृढ़ संकल्प वाला नेता बताया। वाघेला ने ट्वीट किया कि उन्हें हमेशा याद रखा जाएगा। उनके परिवार, दोस्तों और पार्टी के प्रति मेरी संवेदनाएं। भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।

गुजरात कांग्रेस अध्यक्ष अमित चावड़ा

गुजरात कांग्रेस अध्यक्ष अमित चावड़ा ने कहा कि पटेल के निधन से उन्हें गहरा दुख पहुंचा है। चावड़ा ने ट्वीट किया कि यह कांग्रेस, गुजरात, राष्ट्र और व्यक्तिगत तौर पर मेरे लिए भारी क्षति है। पार्टी के प्रति उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। दुख की इस घड़ी में उनके परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं। भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे। गुजरात प्रदेश कांग्रेस समिति के कार्यवाहक अध्यक्ष हार्दिक पटेल ने भी दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि दी।

कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला

कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि नि:शब्द.. जिन्हें हर छोटा बड़ा, दोस्त, साथी..विरोधी भी...एक ही नाम से सम्मान देते थे‘अहमद भाई’! वो जिन्होंने सदा निष्ठा व कर्तव्य निभाया, वो जिन्होंने सदा पार्टी को ही परिवार माना, वो जिन्होंने सदा राजनीतिक लकीरें मिटा दिलों पर छाप छोड़ी,अब भी विश्वास नहीं..अलविदा अहमद जी। पार्टी के लोकसभा में नेता अधीर रंजन चौधरी, वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, कपिल सिब्बल, जयराम रमेश, दिग्विजय सिंह और कई अन्य नेताओं ने भी पटेल के निधन पर दुख जताया।


 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।