लाइव टीवी

Delhi-NCR rain : दिल्‍ली-एनसीआर में बदला मौसम का मिजाज, सुबह बारिश के बाद तापमान में गिरावट

Updated Jun 07, 2020 | 07:52 IST

Delhi-NCR rain : दिल्‍ली-एनसीआर के कई इलाकों में बारिश हुई है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। इसकी वजह पश्चिमी विक्षोभ को बताया जा रहा है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspANI
दिल्‍ली-एनसीआर में बदला मौसम का मिजाज, सुबह बारिश के बाद तापमान में गिरावट
मुख्य बातें
  • दिल्‍ली-एनसीआर के कई इलाकों में रविवार सुबह बारिश हुई
  • मौसम में बदलाव की वजह पश्चिमी विक्षोभ को बताया गया है
  • पश्चिमी विक्षोभ का असर 8 जून तक रहने वाला है

नई दिल्‍ली : दिल्‍ली-एनसीआर के कई इलाकों में रविवार सुबह बारिश हुई, जिसके बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गइ है। मौसम विभाग ने दिन में भी आसमान में बादल छाए रहने और गरज के साथ छींटे पड़ने का अनुमान जताया है। मौसम में आए इस बदलाव की वजह पश्चिमी विक्षोभ को बताया जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, यह स्थिति सोमवार को भी बने रहने का अनुमान है।

सुबह हुई बारिश 

दिल्‍ली-एनसीआर के इलाकों में रविवार को सुबह 5-7 बजे के बीच विभिन्‍न इलाकों में बारिश हुई। इस दौरान सड़कों पर बाहर निकले लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। दिल्‍ली-गुरुग्राम सीमा पर पुलिसकर्मी छाता लेकर सीमा पार करने वाले लोगों की जांच करते नजर आए। दिल्‍ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने 1 जून को अगले एक सप्‍ताह के लिए राष्‍ट्रीय राजधानी की सीमाएं बंद करने की घोषणा की थी। इसमें केवल आवश्‍यक सेवाओं को ही छूट दी गई।

तापमान में गिरावट

मौसम के मिजाज में आए बदला से यहां तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। रविवार को यहां न्‍यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 40 डिग्री से नीचे रहने का अनुमान जताया गया है। आईएमडी के मुताबिक, मौसम में बदलाव की वजह पश्चिमी विक्षोभ है, जो 8 जून तक जारी रहेगा। ऐसे में सोमवार को भी इसी तरह का मौसम बने रहने की उम्‍मीद जताई जा रही है।

इस बीच, राष्‍ट्रीय राजधानी दिल्‍ली में वायु गुणवत्‍ता संतोषजनक श्रेणी में दर्ज की गइ है। प्रदूषक तत्‍वों PM10 और PM2.5 की हवा में मात्रा क्रमश: 68 और 33 दर्ज की गई है। दिल्‍ली में आनंद विहार, मथुरा रोड, लोधी रोड, दिलशाद गार्डन सहित कई इलाकों में एक्‍यूआई संतोषजनक श्रेणी में दर्ज किया गया। यह क्रमश: 96, 91, 80 और 59 दर्ज किया गया।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।