लाइव टीवी

लाल किला हिंसा मामले में दिल्‍ली पुलिस के हाथ लगी अहम कामयाबी, सुखदेव सिंह चंडीगढ़ से गिरफ्तार

Updated Feb 07, 2021 | 20:33 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

दिल्‍ली में 26 मार्च को ट्रैक्‍टर मार्च के दौरान लाल किला पर हुए उग्र प्रदर्शन के सिलसिले में पुलिस ने भीड़ को उकसाने के आरोपी सुखदेव सिंह को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspPTI
लाल किला हिंसा मामले में दिल्‍ली पुलिस के हाथ लगी अहम कामयाबी, सुखदेव सिंह चंडीगढ़ से गिरफ्तार

नई दिल्‍ली : राष्‍ट्रीय राजधानी दिल्‍ली में 26 जनवरी को किसानों के ट्रैक्‍टर मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों का एक समूह लाल किला पहुंच गया था और उन्‍होंने वहां निशान साहिब का झंडा भी लगाया था। इस दौरान पुलिस के साथ प्रदर्शनकारियों की झड़प भी हुई थी, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। इस मामले में दिल्‍ली पुलिस ने रविवार को बड़ी कामयाबी हासिल हुई, जब हिंसा के सिलसिले में वांछित एक व्‍यक्ति को गिरफ्तार किया गया।

लाल किला हिंसा के सिलसिले में वांछित सुखदेव सिंह को दिल्‍ली पुलिस ने चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया। उसके सिर पर 50,000 रुपये का इनाम रखा गया था। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा पिछले 10 दिनों से सुखदेव सिंह को लाल किला हिंसा को लेकर तलाश कर रही थी। पुलिस को उसके चंडीगढ़ में होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद एक टीम को वहां रवाना किया गया और अंतत: आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

भीड़ को उकसाने का है आरोप

लाल किला हिंसा का आरोपी सुखदेव सिंह हरियाणा के करनाल का रहने वाला है। पुलिस ने उसे चंडीगढ़ में सेंटरा मॉल के पास औद्योगिक क्षेत्र से गिरफ्तार किया। सुखदेव सिंह पर भीड़ को उकसाने का आरोप है। सुखदेव सिंह के साथ-साथ पुलिस ने बूटा सिंह, जजबीर सिंह और इकबाल सिंह को भी भीड़ को उकसाने का आरोपी बनाया है और उनके बारे में सूचना देने वाले को 50,000 रुपये का नकद इनाम देने की घोषणाक की थी।

लाल किला हिंसा मामले में सुखदेव सिंह की गिरफ्तारी के साथ ही इस मामले में गिरफ्तार लोगों की संख्‍या अब 127 हो गई है। इस मामले में हरप्रीत सिंह (32), हरजीत सिंह (48) और धर्मेंद्र सिंह (55) की गिरफ्तारी भी हुई है, जो दिल्‍ली के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

लाल किला हिंसा मामले में पुलिस ने पंजाबी एक्‍टर दीप सिद्धू, जुगराज सिंह, गुरजोत सिंह और गुरजंत सिंह के बारे में सूचना देने वालों के लिए 1 लाख  रुपये का नकद इनाम देने की घोषणा की थी। इन लोगों पर लाल किला पर निशान साहिब का झंडा फहराने में संलिप्‍तता का आरोप है।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।