लाइव टीवी

निजामुद्दीन मरकज पर महाराष्ट्र में सियासी शोर, 'सरकार' की नजर में दिल्ली पुलिस भी विलेन

Updated Apr 09, 2020 | 17:50 IST

अनिल देशमुख ने कहा, 'इस महामारी को रोकने के लिए राज्य सरकार की पूरी मशीनरी लगी हुई है। दिल्ली पुलिस की वजह से यह संकट महाराष्ट्र और अन्य राज्यों में फैला। इसके लिए कौन जिम्मेदार है?

Loading ...
महाराष्ट्र में कोरोना संकट बढ़ता जा रहा है।
मुख्य बातें
  • गृह मंत्री अनिल देशमुख ने दिल्ली पुलिस की भूमिका पर उठाए सवाल
  • कहा-मरकज के कार्यक्रम में शामिल होकर आए लोगों ने बढ़ाईं मुसीबतें
  • महाराष्ट्र में कोविड-19 के संक्रमण की संख्या 1000 को पार कर गई है

मुंबई : महाराष्ट्र में कोविड-19 से बुरी स्थिति के लिए राज्य के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने दिल्ली पुलिस को जिम्मेदार ठहराया है। देशमुख ने गुरुवार को कहा कि महाराष्ट्र में कोरोना वायरस से संक्रमण की संख्या में वृद्धि इसलिए हुए क्योंकि दिल्ली पुलिस ने मरकज निजामुद्दीन में धार्मिक कार्यक्रम होने दिया। गृह मंत्री ने कहा कि इस कार्यक्रम में हिस्सा लेकर लौटे लोगों ने राज्य में संक्रमण के मामलों में इजाफा कर दिया। देशमुख ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार ने इस तरह के धार्मिक आयोजन की अनुमति यहां नहीं दी।

गृह मंत्री ने कहा, 'मरकज निजामुद्दीन में जिस तरह का कार्यक्रम हुआ उसी तरह का एक कार्यक्रम 15 से 16 मार्च तक मुंबई के वसई में होना तय था लेकिन सरकार की तरफ से इसकी इजाजत नहीं दी गई। सवाल है कि हमारी तरह दिल्ली पुलिस ने इस कार्यक्रम को क्यों नहीं रोका? मरकज में हुए कार्यक्रम की वजह से महाराष्ट्र में संक्रमण के मामले बढ़ गए।'

उन्होंने कहा, 'इस महामारी को रोकने के लिए राज्य सरकार की पूरी मशीनरी लगी हुई है। दिल्ली पुलिस की वजह से यह संकट महाराष्ट्र और अन्य राज्यों में फैला। इसके लिए कौन जिम्मेदार है? राज्य में आज भी तब्लीगी जमात के करीब 58 लोग लापता हैं। इन लोगों ने अपने मोबाइल फोन बंद कर लिए हैं। ये लोग अगर सामने नहीं आए तो हम इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे।'

बता दें कि तब्लीगी जमात के कार्यक्रम के बाद कोरोना संक्रमण के ग्राफ में तेजी से वृद्धि हुई है। बताया गया है कि मरकज के कार्यक्रम शामिल हुए तब्लीगी जमात के लोग करीब 17 राज्यों में पहुंचे और इन राज्यों में अन्य लोगों को संक्रमित किया। दिल्ली में जमात के कार्यक्रम पर स्थानीय प्रशासन पर भी सवाल उठे हैं। गुरुवार को महाराष्ट्र में कोविड-19 के 162 नए केस सामने आए हैं। इसके बाद राज्य में संक्रमण की संख्या बढ़कर 1297 हो गई है।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने अपनी रोजाना की मीडिया ब्रीफिंग में बताया कि देश में कोरोना वायरस से संक्रमण की संख्या बढ़कर 5734 हो गई है। जबकि 472 लोगों को उपचार के बाद ठीक किया जा चुका है। इस महामारी से अब तक 166 लोगों की जान गई है। पिछले 24 घंटे में 17 मौत हुई है और संक्रमण के 549 नए केस मिले हैं। स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने कहा कि भारत युद्ध स्तर पर कोविड-19 से लड़ाई लड़ रहा है। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।