लाइव टीवी

Jaipur Crime: डिप्रेशन में आकर छात्र की मौत, कोर्ट ने दिया दखल तो पुलिस ने किया मामला दर्ज, जानिए पूरा प्रकरण

Updated Sep 20, 2022 | 13:30 IST

Jaipur Police: जयपुर के एक छात्र की डिप्रेशन में आकर मौत हो गई थी। उसके नोट्स और बुक्स चोरी हो गए थे। दिल्ली के कॉलेज प्रशासन के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर छात्र के पिता ने केस दर्ज करवाया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspANI
जयपुर के छात्र की डिप्रेशन में आकर मौत, कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने दर्ज किया मामला (प्रतीकात्मक तस्वीर)
मुख्य बातें
  • नोट्स और बुक्स चोरी होने से डिप्रेशन में था छात्र
  • छात्र के पिता ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ विद्याधर नगर में दर्ज कराया मामला
  • कोर्ट के आदेश के बाद एक साल बाद दर्ज हुआ मामला

Jaipur News: राजधानी जयपुर के विद्याधर नगर थाना क्षेत्र में डिप्रेशन में आकर एक छात्र की मौत हो गई थी। इस घटना के एक साल बाद कोर्ट ने मामले में दखल दिया है। अब जाकर पुलिस की ओर से मामला दर्ज किया गया है। बता दें कि छात्र दिल्ली में रहकर पढ़ाई कर रहा था। इस दौरान उसके नोट्स और किताबें चोरी होने से वो डिप्रेशन में चला गया था। जिसके चलते वो काफी बीमार रहने लगा और एक दिन उसकी मौत हो गई। 

मृतक छात्र के पिता ने कॉलेज प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए जयपुर के विद्याधर नगर थाने में कोर्ट से आदेश मिलने पर मामला दर्ज करवाया है। विद्याधर नगर थाना अधिकारी वीरेंद्र कुरील के अनुसार पीड़ित विजय कुमार ने केस दर्ज करवाया है कि उसका बेटा वतन कुमार वर्ष 2019 में पढ़ाई करने के लिए दिल्ली चला गया था। दिल्ली की एक बड़ी यूनिवर्सिटी में उसका एडमिशन कराया गया था। 

वापस गया तो गायब था सब 

मृतक के पिता की शिकायत के मुताबिक बेटा वतन कुमार साल 2020 में मार्च के महीने में होली पर घर आया हुआ था। लेकिन कोरोना के चलते लॉकडाउन लग गया था। इसीलिए वो दिल्ली फिर वापस नहीं जा पाया। लॉकडाउन के बाद जब वह वापस दिल्ली गया तो पता चला कि उसके कमरे से नोट्स, लैपटॉप और किताबें गायब हैं। छात्र ने घटना के बारे में अपने पिता को सूचना दी। पिता ने कॉलेज मैनेजमेंट से बात की तो कॉलेज प्रशासन ने पल्ला झाड़ लिया। इसके बाद छात्र काफी डिप्रेशन में आकर वापस जयपुर चला आया।मिली जानकारी के अनुसार छात्र नोट्स और बुक्स के चोरी होने के बाद बीमार रहने लगा। जिसके कुछ दिनों में ही उसकी मौत हो गई।

कॉलेज मैनेजमेंट से जुड़े पदाधिकारियों पर आरोप

मृतक के पिता विजय का आरोप है कि बेटे की मौत के बाद मैनेजमेंट ने उसे खूब धमकाया। उल्टे केस में फंसाने की धमकी भी दी। आरोप है कि जयपुर पुलिस ने भी मामला दर्ज नहीं किया। बेटे की मौत के एक साल के बाद अब कोर्ट ने दखल दिया तो विद्याधर नगर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। मैनेजमेंट से जुड़े हुए पदाधिकारियों पर कई तरह के आरोप लगाए गए हैं। मृतक के पिता के अनुसार बेटे को पढ़ने के लिए जयपुर से दिल्ली भेजा था। हर महीने करीब 50 हजार रुपए तक कॉलेज और पढ़ाई का खर्च उठाता रहा। आरोप है कि कॉलेज की लापरवाही से उसके बेटे की जान चली गई। फिलहाल विद्याधर नगर पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।

Jaipur News in Hindi (जयपुर समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।