लाइव टीवी

Kanpur News: कानपुर के रूमा औद्योगिक क्षेत्र में दोहरे टैक्स से मिलेगी राहत, नगर निगम सिर्फ वसूलेगा हाउस टैक्स

Updated Jun 17, 2022 | 21:08 IST

Kanpur Municipal Corporation: कानपुर के रूमा औद्योगिक क्षेत्र के उद्यमियों को बड़ी राहत मिली है। अब उन्हें दोहरा टैक्स नहीं देना होगा। सिर्फ नगर निगम ही हाउस टैक्स वसूल करेगा।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
कानपुर नगर निगम वसूलेगा हाउस टैक्स
मुख्य बातें
  • कानपुर नगर निगम और यूपीसीडा के बीच हुआ समझौता
  • रूमा औद्योगिक क्षेत्र में नहीं देना होगा दोहरा टैक्स
  • सिर्फ हाउस टैक्स वसूल करेगा नगर निगम

Kanpur Nagar Nigam: कानपुर जिले के रूमा औद्योगिक क्षेत्र के उद्यमियों को दोहरा टैक्स की मार से बड़ी राहत मिली है। अब रूमा औद्योगिक क्षेत्र के उद्यमियों को दोहरा टैक्स नहीं देना पड़ेगा। सिर्फ नगर निगम ही हाउस टैक्स वसूल करेगा। उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) मेंटेनेंस शुल्क की वसूली नहीं करेगा। इस संबंध में यूपीसीडा और नगर निगम के बीच आपसी सहमति बन गई है। दोनों विभागों के बीच यह तय हुआ है कि, रूमा औद्योगिक क्षेत्र हस्तांतरण के लिए 35 करोड़ रुपये यूपीसीडा द्वारा नगर निगम को नहीं दिए जाएंगे। 

नगर निगम जो हाउस टैक्स वसूलेगा उसका 60 प्रतिशत हिस्सा औद्योगिक क्षेत्र के सौंदर्यीकरण और रखरखाव पर खर्च किया जाएगा। अभी तक नगर निगम भी टैक्स वसूलता था और यूपीसीडा भी मेंटेनेंस शुल्क लेता था। 

नगर निगम ने मांगे थे 35 करोड़ रुपये

इसे लेकर उद्यमी परेशान थे। तीन साल पहले भी इसे लेकर वार्ता हुई थी मगर हस्तांतरण की धनराशि और विकास कार्यों की जिम्मेदारी को लेकर विवाद बना हुआ था। केवल यूपीसीडा ही विकास कार्य कराता था। इस मुद्दे का उद्यमी हर बैठक में जमकर विरोध करते थे। सिर्फ एक टैक्स वसूलने की मांग करते थे। 

अब नगर निगम कराएगा विकास

पूर्व औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना ने मेंटेनेंस शुल्क पर रोक लगाई थी मगर विवाद बरकरार था। अब इसका निपटारा हो गया है क्योंकि नगर निगम ने सड़कें, लाइटिंग, पार्क सौंदर्यीकरण और ड्रेनेज सिस्टम के लिए 35 करोड़ की मांग की थी। यूपीसीडा का दावा है कि, ये सभी कार्य उसने खुद करा दिए हैं। यूपीसीडा सीईओ मयूर माहेश्वरी और नगर आयुक्त शिव शरणप्पा जीएन के बीच सहमति बनी कि, अब किसी भी तरह की धनराशि यूपीसीडा नहीं देगा। अब नगर निगम ही यहां का विकास कार्य कराएगा। यूपीसीडा सीईओ मयूर महेश्वरी ने कहा कि, रूमा औद्योगिक क्षेत्र नगर निगम में पहले ही आ चुका है। अब प्राधिकरण निगम को कोई धनराशि नहीं देगा। निगम जो टैक्स वसूलेगा उसी से अब मेंटेनेंस करेगा।
 

Kanpur News in Hindi (कानपुर समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharatपर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।